सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट, अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों ने बिगाड़ा बाजार का गणित

HIGHLIGHTS
- अमेरिकी महंगाई के आंकड़े जारी होने के बाद सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट आई।
- MCX पर सोना 3,139 रुपये टूटकर 1,19,190 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा।
- चांदी 6,838 रुपये गिरकर 1,38,600 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।
अमेरिका से महंगाई और आर्थिक गतिविधियों से जुड़े नए आंकड़े जारी होने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार से लेकर भारतीय वायदा बाजार तक सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली। बुधवार शाम 7 बजे (भारतीय समयानुसार) जारी आंकड़ों के असर से भारतीय वायदा बाजार (MCX) में सोना एक दिन में 2.15 प्रतिशत यानी 3,139 रुपये टूटकर 1,19,190 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, चांदी में और अधिक गिरावट दर्ज की गई। इसकी कीमत 4.30 प्रतिशत यानी 6,838 रुपये घटकर 1,38,600 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।
विशेषज्ञों का कहना है कि इन आंकड़ों का असर सोने और चांदी की कीमतों पर नकारात्मक रह सकता है। अब बाजार की निगाहें 4 दिसंबर और 9 दिसंबर पर टिकी रहेंगी।
ग्लोबल मार्केट में सोने-चांदी की कीमतों में कितनी गिरावट?
भारतीय बाजार के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार (कॉमेक्स) में भी सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी कमजोरी आई। आंकड़े जारी होने के बाद कॉमेक्स पर सोना 2.56 प्रतिशत यानी 89 डॉलर से अधिक गिरकर 3,472 डॉलर प्रति औंस के नीचे पहुंच गया। दूसरी ओर, चांदी की कीमत 4.22 प्रतिशत से ज्यादा टूटकर 39 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गई।
तीन साल के उच्चतम स्तर पर पहुंची महंगाई दर
सोने और चांदी की कीमतों में आई इस गिरावट की प्रमुख वजह अमेरिका में महंगाई का अनुमान से अधिक बढ़ना है। अक्टूबर के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका की पर्सनल कंजम्पशन एक्सपेंडिचर (PCE) महंगाई दर सालाना आधार पर बढ़कर 3.8 प्रतिशत हो गई। मई के बाद यह इसका सबसे ऊंचा स्तर है।
वहीं, खाद्य और ऊर्जा की कीमतों को हटाकर मापी जाने वाली 'कोर पीसीई' (Core PCE) महंगाई दर भी बाजार के अनुमान से आगे निकलकर 3.3 प्रतिशत पर पहुंच गई। यह पिछले तीन साल का सबसे ऊंचा स्तर है। जानकारों के अनुसार, महंगाई का दायरा अब केवल ऊर्जा क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर पूरी अर्थव्यवस्था में दिखाई देने लगा है।
इसके अलावा, अमेरिकी वाणिज्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में टिकाऊ वस्तुओं यानी ड्यूरेबल गुड्स के ऑर्डर में 0.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जबकि बाजार का अनुमान 0.4 प्रतिशत था। सितंबर में यह आंकड़ा 2.0 प्रतिशत रहा था। परिवहन क्षेत्र को हटाकर कोर ड्यूरेबल गुड्स के ऑर्डर में अनुमान के मुताबिक 0.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई। जून का संशोधित आंकड़ा भी 0.5 प्रतिशत था।
वहीं, विमान निर्माण को छोड़कर गैर-रक्षा पूंजीगत वस्तुओं के ऑर्डर में 1.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह 0.4 प्रतिशत के अनुमान और सितंबर में दर्ज 0.8 प्रतिशत की वृद्धि से काफी अधिक है। महंगाई के मजबूत आंकड़ों के बाद विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है।
अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों पर क्या है एक्सपर्ट की राय?
ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव और केडिया रिसर्च एंड लर्निंग हब के रिसर्च एनालिस्ट नितिन केडिया ने जागरण बिजनेस से बातचीत में अपनी राय रखी।
अब कितनी नीचे जा सकती हैं सोने-चांदी की कीमतें?
नितिन केडिया के मुताबिक, घरेलू वायदा बाजार में सोने का भाव 1,20,210 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। एक घंटे के चार्ट पर 1,19,429 रुपये का स्तर अहम है। यदि किसी घंटे की क्लोजिंग इस स्तर से नीचे होती है, तो सोने में गिरावट बढ़कर 1,18,648 रुपये तक पहुंच सकती है। हालांकि, नीचे जाने के बाद यदि भाव फिर से 1,20,210 रुपये के ऊपर घंटे की क्लोजिंग देता है, तो गिरावट का यह संकेत समाप्त हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि तेजी आने पर 1,20,810 से 1,21,500 रुपये के दायरे में विक्रेता दोबारा सक्रिय हो सकते हैं। वहीं, 1,21,500 रुपये के ऊपर घंटे की क्लोजिंग खरीदारों की वापसी का बेहतर संकेत मानी जाएगी।
नितिन केडिया ने चांदी के लिए भी संभावित स्तर बताए। उनके अनुसार, चांदी 1,41,226 रुपये प्रति किलोग्राम पर थी, जहां खरीदारों और विक्रेताओं के बीच लगभग बराबरी की स्थिति दिखाई दे रही थी। अब यदि 1,39,455 रुपये के नीचे प्रति घंटे की क्लोजिंग होती है, तो अगला संभावित स्तर 1,37,690 रुपये हो सकता है। इसके बाद 1,41,220 रुपये के ऊपर घंटे की क्लोजिंग आने पर गिरावट का यह संकेत रद्द हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि तेजी की स्थिति में चांदी के लिए पहली बड़ी चुनौती 1,42,014 से 1,42,187 रुपये के बीच होगी। इस दायरे में पहुंचने के बाद यदि चांदी 1,42,014 रुपये से नीचे घंटे की क्लोजिंग देती है, तो बाजार में फिर से बिकवाली लौटने का संकेत मिल सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.