मध्य प्रदेश के जंगलों में बाघों के लिए जानलेवा बना क्लच वायर का फंदा, बाघिन की मौत

HIGHLIGHTS
- पन्ना टाइगर रिजर्व से लगे उत्तर वन मंडल की पन्ना रेंज में बाघिन की मौत।
- मृत बाघिन के गले में क्लच वायर का फंदा फंसा मिला।
- आशंका है कि फंदा कसने से बाघिन का दम घुट गया।
मध्य प्रदेश के जंगलों में बाघों के लिए अब शिकारियों की बंदूक के साथ वाहनों में इस्तेमाल होने वाला क्लच वायर भी बड़ा खतरा बन गया है। सस्ते और मजबूत स्टील के तार से बनाए जाने वाले फंदे वन्यजीवों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। पन्ना टाइगर रिजर्व से सटे उत्तर वन मंडल की पन्ना रेंज के मनकी बीट में एक वयस्क बाघिन की मौत ने इस खतरे को एक बार फिर सामने ला दिया है।
दो दिन पहले मृत पाई गई बाघिन के गले में क्लच वायर का फंदा फंसा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि फंदा कसने के कारण उसका दम घुट गया। बाघिन के गले पर मिले गहरे घाव बताते हैं कि वह कई दिनों तक फंदे में फंसी रही और जख्मी हालत में जंगल में भटकती रही। अंततः उसकी मौत हो गई। इस घटना ने वन क्षेत्रों में शिकारियों की ओर से अपनाए जा रहे खतरनाक तरीकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
छोटा भीम से लेकर बाघिन तक, क्लच वायर के फंदे ने ली जान
मध्य प्रदेश में क्लच वायर के फंदे से वन्यजीवों की मौत का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी ऐसे फंदों के कारण बाघों सहित दूसरे वन्यप्राणियों की जान जा चुकी है।
छोटा भीम की मौत: क्लच वायर के फंदे में फंसकर घायल हुए बाघ छोटा भीम का लगभग तीन महीने तक इलाज चला। हालांकि, 2 फरवरी 2025 को भोपाल के वन विहार में उसकी मौत हो गई।
चीतल का शिकार: अप्रैल 2025 में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के खितौली वन परिक्षेत्र में शिकारियों ने क्लच वायर का फंदा लगाकर एक चीतल का शिकार किया था। इस मामले में वन विभाग ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था।
कान्हा में बाघिन का रेस्क्यू: फरवरी 2023 में कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर जोन की भैसानघाट बीट में एक युवा बाघिन क्लच वायर के फंदे में फंस गई थी। उसे सुरक्षित निकालने के लिए तीन हाथियों और करीब 50 वनकर्मियों की टीम लगाई गई थी। समय रहते उसका रेस्क्यू कर उपचार किया गया।
फंदे की बनावट ऐसी कि निकलना मुश्किल
ऑटोमोबाइल की दुकानों पर क्लच वायर कम कीमत में आसानी से मिल जाता है। स्टील के पतले तारों को बुनकर तैयार किए जाने के कारण यह काफी मजबूत होता है। वन्यजीव जब इस फंदे से निकलने के लिए छटपटाते हैं, तो यह और अधिक कसता जाता है तथा गहरे घाव कर देता है।
फंदा बनाने वाले लोग वायर को मोड़कर उसमें इस तरह के खांचे तैयार करते हैं कि कसाव की दिशा में गांठ आगे तो खिसक जाती है, लेकिन ढीली होने की दिशा में वापस नहीं लौटती। इस वजह से फंदे का कसाव लगातार बढ़ता रहता है। इसके इस्तेमाल की जानकारी वनकर्मियों को भी तुरंत नहीं मिल पाती।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.