कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों का जायजा लेने कल मुजफ्फरनगर आएंगे मुख्य सचिव और DGP

HIGHLIGHTS
- कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार को यूपी के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल और DGP राजीव कृष्ण मुजफ्फरनगर पहुंचेंगे।
- दोनों वरिष्ठ अधिकारी शिव चौक, कांवड़ कंट्रोल रूम का निरीक्षण करेंगे और सहारनपुर, मुजफ्फरनगर व शामली के अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे।
- लाखों शिवभक्तों की यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और निगरानी व्यवस्था तेज कर दी है।
मुजफ्फरनगर में विश्व प्रसिद्ध कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का जायजा लेने के लिए सोमवार को प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल और पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण मुजफ्फरनगर पहुंचेंगे।
लखनऊ मुख्यालय से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्य सचिव और डीजीपी दोपहर करीब 3:30 बजे मुजफ्फरनगर पहुंचेंगे। सबसे पहले दोनों अधिकारी शिव चौक और कांवड़ कंट्रोल रूम का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली के अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे।
बैठक में कांवड़ यात्रा की तैयारियों के अलावा जन शिकायतों, साइबर क्राइम, यक्ष ऐप, ई-एविडेंस, ई-समंस, मिशन शक्ति, CCTNS के तहत 60 और 90 दिनों में विवेचना की प्रगति समेत अन्य अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
मुख्य सचिव और डीजीपी के दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। रविवार शाम करीब 4 बजे एसपी सिटी अमृत जैन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा, क्षेत्राधिकारी सदर राजू कुमार साव समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने शिव चौक पहुंचकर कांवड़ कंट्रोल रूम और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, बैरिकेडिंग, निगरानी प्रणाली और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ लेकर मुजफ्फरनगर से गुजरेंगे। शासन यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए किसी भी तरह की लापरवाही नहीं चाहता है।
मुजफ्फरनगर पहुंचने से पहले मुख्य सचिव और डीजीपी मेरठ जाएंगे। वहां अंतर्राज्यीय और अंतरजनपदीय समन्वय बैठक में उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली सहित मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़ और मुरादाबाद मंडल के अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
इसके बाद दोनों अधिकारी बाबा औघड़नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल और साइबर मॉनिटरिंग सेल के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होकर मुजफ्फरनगर के लिए रवाना होंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.