CJP संस्थापक अभिजीत दिपके एयरपोर्ट पर हिरासत में, केजरीवाल और अखिलेश यादव ने उठाए सवाल

HIGHLIGHTS
- CJP संस्थापक अभिजीत दिपके को दिल्ली एयरपोर्ट पर पुलिस ने हिरासत में लिया।
- अरविंद केजरीवाल ने कार्रवाई को इमरजेंसी से भी बुरा बताते हुए सरकार पर निशाना साधा।
- सीपीआई नेता एनी राजा ने असहमति जताने को मौलिक अधिकार बताया।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस सतर्क है। राजधानी की सभी सीमाओं पर जगह-जगह चेकिंग की जा रही है। प्रदर्शन से पहले CJP के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और विपक्षी दलों के नेताओं को हिरासत में लिया गया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद विभिन्न दलों के नेताओं ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं।
अभिजीत दिपके बोले- मैं गिरफ्तार होने आया हूं, मुझे गिरफ्तार कीजिए
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके को दिल्ली एयरपोर्ट पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दिल्ली पुलिस के जवान उस विमान में दाखिल हुए, जिससे अभिजीत दिपके दिल्ली पहुंचे थे। विमान कुछ ही मिनट पहले इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर उतरा था।
इस दौरान अभिजीत दिपके ने पुलिस से कहा, "मैं यहां गिरफ्तार होने आया हूं, मुझे गिरफ्तार कीजिए।" इस पर दिल्ली पुलिस के जवानों ने उनसे कहा, "नहीं, यह गिरफ्तारी नहीं है। कृपया सहयोग करें।"
अरविंद केजरीवाल बोले- यह इमरजेंसी से भी बुरा
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, "यह इमरजेंसी से भी बुरा है। यह पक्का हो गया है, हम मोदी की पूरी तानाशाही में जी रहे हैं। कॉकरोच पार्टी के पदाधिकारियों को फ्लाइट से ही गिरफ्तार करना, डर के स्तर को दिखाता है।"
केजरीवाल ने आगे आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जानते हैं कि उन्होंने चुनाव केवल वोट चोरी करके जीते थे और अब अपनी धोखाधड़ी को बचाने के लिए लोकतंत्र को पूरी तरह कुचलने पर आमादा हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को जाना ही होगा और मोदी को भी जाना होगा।
एनी राजा बोलीं- असहमति जताना मौलिक अधिकार
सीपीआई नेता एनी राजा ने केंद्र सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "केंद्र सरकार का यहां सभी सुरक्षा बलों को तैनात करने का कदम बहुत निंदनीय है। असहमति जताना एक मौलिक अधिकार है और लोकतंत्र का मूल आधार है। यह भारत के संविधान के खिलाफ है।"
उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा करने और देश को धर्मनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक राष्ट्र बनाए रखने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
अखिलेश यादव बोले- हम देश की युवा ऊर्जा के साथ
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, "किसी के रोके नहीं रुकेगा, अब दिल्ली में देश जुटेगा! हम देश की युवा ऊर्जा के साथ हैं।"
अखिलेश यादव ने कहा कि यदि भाजपा सरकार यह सोच रही है कि ताकत के बल पर जनता को रोका जा सकता है, तो यह उसकी बड़ी भूल होगी। उन्होंने जंतर-मंतर को केवल एक स्थान नहीं, बल्कि नई चेतना और जागरण का प्रतीक बताया। उन्होंने यह भी कहा कि अगर सरकार ने आंदोलनकारियों को रोका, तो देश में हर जगह जंतर-मंतर बन जाएगा।
अपने संदेश में अखिलेश यादव ने आंदोलनकारियों के हौसले और एकजुटता का जिक्र करते हुए इसे अंतिम जंग मानकर तैयार रहने की बात भी कही।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.