सीएम योगी का ऐलान, अगले छह माह में एक लाख युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी

HIGHLIGHTS
- 19 सितंबर से पुलिस और होमगार्ड में नियुक्तियों की शुरुआत होगी।
- वर्तमान में 1.10 करोड़ लोगों को सालाना पेंशन मिल रही है।
- पेंशन राशि और लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने की तैयारी है।
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार अगले छह माह में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने जा रही है। इनमें 77 हजार नियुक्तियां केवल पुलिस और होमगार्ड विभाग में होंगी। इसकी शुरुआत 19 सितंबर से होगी। मुख्यमंत्री ने वृद्धजन, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 1 करोड़ 10 लाख वृद्धजन, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों को सालाना 12 हजार रुपये की पेंशन दी जा रही है। जल्द ही पेंशन की राशि और लाभार्थियों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
मुख्यमंत्री बुधवार को गोरखपुर के वार्ड नंबर-53 उर्वरक नगर के अंतर्गत जंगल नकहा नंबर-2 में नवनिर्मित कल्याण मंडपम समेत गोरखपुर विकास प्राधिकरण, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और नगर निगम की करीब 40 करोड़ रुपये की लागत वाली 119 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
सीएम योगी ने कहा कि किसी गांव या शहर में नागरिकों के जीवन स्तर का आकलन वहां के विकास और उपलब्ध जनोपयोगी सुविधाओं से होता है। इसके लिए कानून का राज और सुरक्षा का बेहतर वातावरण जरूरी है। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद गोरखपुर और उत्तर प्रदेश में कानून का राज सुनिश्चित करते हुए विकास और सुविधाओं की नई श्रृंखला तैयार की गई है। माफिया या तो जेल में हैं या दूसरे लोक की यात्रा कर चुके हैं। आज हर व्यक्ति की सुरक्षा और पर्व-त्योहारों के लिए बेहतर माहौल की गारंटी है।
यूपी अब देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन
मुख्यमंत्री ने मजबूत कानून व्यवस्था के चलते हुए विकास और उससे आए बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन गया है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले खराब कानून व्यवस्था, लूट-खसोट और अराजकता के कारण कोई बाहरी व्यक्ति यहां काम नहीं करना चाहता था, जबकि अब हर कोई उत्तर प्रदेश आने के लिए उत्सुक है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश की सबसे तेज अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। राज्य मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, कल-कारखानों की नई श्रृंखला और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए पहचाना जा रहा है।
अराजकता फैलाना विभाजनकारी राजनीति करने वालों की फितरत
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास और जनकल्याण से सकारात्मक माहौल बना है। ऐसे में समाज को बांटने वालों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि विकास समाज की एकजुटता का परिणाम है। यदि जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज बंटेगा तो बांटने वाले फिर कर्फ्यू और दंगों का माहौल बनाएंगे तथा असुरक्षा का अंधकार पैदा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अराजकता फैलाना समाज को बांटने वालों की फितरत है। शानदार वर्तमान और बेहतर भविष्य के लिए डबल इंजन की सरकार जरूरी है।
मच्छर और माफिया को खत्म कर गोरखपुर को मिली नई पहचान
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में 2017 के बाद यूपी और गोरखपुर में हुए बदलाव का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इंसेफेलाइटिस, मच्छर और माफिया को खत्म करने के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए गोरखपुर और उत्तर प्रदेश को नई पहचान दिलाई गई है।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की नाकामी के कारण 2017 से पहले हर साल इंसेफेलाइटिस से सैकड़ों लोगों की मौत होती थी। उस समय सपा या कांग्रेस का कोई मंत्री या मुख्यमंत्री गरीबों को देखने बीआरडी मेडिकल कॉलेज नहीं आता था। उन्हें आंदोलन करना पड़ता था। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने 40 साल पुरानी बीमारी को दो साल में खत्म कर दिया।
सीएम योगी ने गोरखपुर में बंद पड़े खाद कारखाने के दोबारा शुरू होने, चारों ओर फोरलेन कनेक्टिविटी, फ्लाईओवर और ओवरब्रिज के निर्माण, रामगढ़ताल के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने, बीआरडी मेडिकल कॉलेज की स्थिति बेहतर होने और एम्स की सौगात मिलने का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि आज गोरखपुर की चमकती पहचान से हर व्यक्ति गौरव महसूस करता है। 2017 से पहले गोरखपुर की गंदगी और बीमारी सपा और कांग्रेस सरकारों की गंदी मानसिकता का परिणाम थी।
अब तक साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी
सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में युवाओं को नौकरी की गारंटी है। उनकी सरकार अब तक साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। उन्होंने कहा कि चुनाव की घोषणा से पहले सरकार अगले छह माह में एक लाख और युवाओं को सरकारी नौकरी देने जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले सरकारी भर्ती निकलने पर सैफई सिंडिकेट वसूली करने निकल पड़ता था, जिससे युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ता था। उनकी सरकार में गोरखपुर के गीडा में 500 कारखाने स्थापित हुए, जिससे अकेले गीडा में 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला और क्षेत्र को पलायन से मुक्ति मिली। डबल इंजन सरकार ने युवाओं के सामने पहचान का संकट भी दूर किया है।
7 अक्टूबर से विशेष शिविर, मिलेगा योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बिना भेदभाव सभी को शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। पात्र लोगों को आवास, शौचालय, राशन, रसोई गैस, बेटियों की पढ़ाई और विवाह से जुड़ी योजनाओं का लाभ दिया गया है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी कारण से कोई पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित रह गया है तो उसे भी लाभ देने के लिए एक सप्ताह का विशेष शिविर लगाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत यह शिविर 7 अक्टूबर से लगेगा।
सीएम योगी की दूरदर्शिता का परिचायक है कल्याण मंडपम: डॉ. मंगलेश
समारोह में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि सीएम योगी जब भी गोरखपुर आते हैं, यहां के लोगों को उनके हाथों कोई न कोई सौगात जरूर मिलती है। उन्होंने कहा कि कल्याण मंडपम आमजन को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता का परिचायक है।
एमएलसी और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि 2017 से पहले पिछड़े और बीमारू राज्य की पहचान रखने वाले उत्तर प्रदेश को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास के बेहतर मॉडल के रूप में निखारा है।
कार्यक्रम में विधायक श्रीराम चौहान, फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, भाजपा के महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, स्थानीय पार्षद आनंद कुमार साहनी, जीडीए बोर्ड के सदस्य राधेश्याम श्रीवास्तव, पवन त्रिपाठी, दुर्गेश बजाज, बीरू साहनी समेत अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में जीडीए बोर्ड के अध्यक्ष और मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंटकर उनका अभिनंदन किया।
फीता काटकर कल्याण मंडपम का लोकार्पण, पौधरोपण भी किया
मंचीय कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर कल्याण मंडपम का औपचारिक उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने मंडपम का निरीक्षण और भ्रमण किया तथा यहां मौजूद इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाओं की जानकारी ली।
जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने मुख्यमंत्री को मंडपम की विशेषताओं के बारे में विस्तार से बताया। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने कल्याण मंडपम परिसर में मौलश्री का पौधा लगाया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
300 लोगों की क्षमता वाला है कल्याण मंडपम
जंगल नकहा नंबर-2 स्थित कल्याण मंडपम का निर्माण 2461 वर्गमीटर भूमि पर 3.09 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है। आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक वास्तुकला से तैयार यह कल्याण मंडपम दो मंजिला है। यहां 300 लोगों की क्षमता वाले आयोजन किए जा सकेंगे।
मंडपम में हॉल, किचन, स्टोर, ऑफिस, चेंज रूम और महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग टॉयलेट बनाए गए हैं। मुख्य भवन के सामने परिसर में आकर्षक फव्वारा भी बनाया गया है। आने वाले वाहनों के लिए परिसर के भीतर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाकर पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है। परिसर में लॉन भी विकसित किया गया है।
कल्याण मंडपम में लोगों को रियायती दर पर मांगलिक और सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने की सुविधा मिलेगी।
नगर निगम के 115 विकास कार्यों का शिलान्यास
जंगल नकहा नंबर-2 स्थित कल्याण मंडपम में मुख्यमंत्री ने नगर निगम के 28.91 करोड़ रुपये की लागत वाले 115 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। ये सभी कार्य विभिन्न कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े हैं।
मुख्यमंत्री ने 11.04 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले चार कार्यों का लोकार्पण भी किया। इनमें जीडीए की ओर से बनाए गए कल्याण मंडपम के अलावा ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से कराए गए सड़क और नाली निर्माण के तीन कार्य शामिल हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.