सीएम योगी का अखिलेश यादव पर पलटवार, बोले- लोकतंत्र में बदला नहीं, बदलाव होता है

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार किया।
- सीएम योगी ने कहा कि लोकतंत्र में बदला नहीं, बदलाव होता है।
- उन्होंने कहा कि बदलाव का फैसला जनता अपने मताधिकार से करती है।
‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान आयोजित मंच से सीएम योगी ने कहा कि दिल्ली में सपा अध्यक्ष का बयान लोगों ने जरूर पढ़ा होगा। उनका बयान काफी अजीब था। उन्होंने कहा था कि आने वाली पीढ़ी लाठी की हर चोट और हर जख्म का हिसाब लेगी। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के ‘बबुआ’ को कोई समझाए कि लोकतंत्र में बदला नहीं, बल्कि बदलाव होता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2014 में देश की जनता ने बदलाव का फैसला लिया था और 2017 में उत्तर प्रदेश की जनता ने भी अपना निर्णय सुनाया। उन्होंने कहा कि बदलाव की ताकत न तो कांग्रेस के पास है और न ही समाजवादी पार्टी के पास, बल्कि इसका अधिकार जनता के पास है। सीएम योगी ने यह भी कहा कि पिछले तीन लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को जितनी सीटें मिलीं, उससे अधिक सीटें भाजपा ने अकेले 2024 के लोकसभा चुनाव में हासिल कीं। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की स्थिति भी ऐसी ही है।
भाजपा की पदयात्रा में शामिल हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन
भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा’ में शामिल होने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार को गोरखपुर पहुंचे। महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। इस पदयात्रा के माध्यम से भाजपा गोरखपुर में अपनी ताकत दिखा रही है। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और सहयोगी दलों के प्रमुख भी हिस्सा ले रहे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला गोरखपुर दौरा है। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वह सर्किट हाउस गए और फिर महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा में शामिल हुए। जनसभा समाप्त होने के बाद इसी स्थान से पदयात्रा की शुरुआत होगी।
इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय महामंत्री एवं यूपी प्रभारी विनोद तावड़े, राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद, सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल भी मौजूद हैं।
एमपी इंटर कॉलेज से काली मंदिर तक निकलेगी पदयात्रा
भाजपा की यह पदयात्रा महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू होकर करीब 1200 मीटर का सफर तय करेगी। इसके बाद यात्रा गोलघर स्थित काली मंदिर के पास सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक पहुंचेगी। यहां प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद पदयात्रा का समापन किया जाएगा।
इस आयोजन में एक लाख कार्यकर्ताओं की भागीदारी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पदयात्रा के रास्ते में कुल 18 स्थानों पर इसका स्वागत करने की व्यवस्था की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.