CM योगी ने सिद्धार्थनगर को दी 311 करोड़ की सौगात, कांग्रेस-सपा पर भी जमकर बरसे

HIGHLIGHTS
- नीति आयोग से सिद्धार्थनगर को 25 करोड़ रुपये का पुरस्कार मिलने का दावा
- देश में 17,000 कौशल विकास केंद्र होने की बात कही
- आईआईटी की संख्या 16 से बढ़कर 23 होने का उल्लेख
सिद्धार्थनगर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिद्धार्थनगर में 311 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 107 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि पिछले 8-9 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में जो प्रयास हुए हैं, उनके चलते देश के 112 आकांक्षी जिलों में सिद्धार्थनगर ने अग्रणी छलांग लगाई है। नीति आयोग से 25 करोड़ रुपये का पुरस्कार प्राप्त करने वाला भी सिद्धार्थनगर ही है। अब यह जिला विकास के पैमाने पर तेजी से आगे बढ़ने वाले जिलों में अपनी अग्रणी भूमिका के लिए जाना जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में देश के साथ धोखा किया। कांग्रेस ने करीब 55-60 वर्षों तक देश पर शासन किया, लेकिन इन क्षेत्रों के लिए कभी कोई विजन नहीं बनाया। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को कौशल विकास की जरूरत है। उन्हें अच्छी शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार के अवसर, नौकरियां और उद्यमिता के रास्ते चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देशभर में 17 करोड़ लोगों को नौकरियां मिली हैं। 2014 से पहले कौशल विकास के लिए कोई व्यवस्थित सिस्टम नहीं था, जबकि आज उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में 17,000 कौशल विकास केंद्र हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि देश में 15,000 से अधिक आईटीआई हैं। आईआईटी की संख्या 16 से बढ़कर 23 और आईआईएम की संख्या 13 से बढ़कर 22 हो गई है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी उन्होंने कहा कि 2014 में देशभर में 431 मेडिकल कॉलेज थे, जो 2025 तक बढ़कर 818 हो गए हैं।
एम्स को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 1 और अटल जी ने 6 एम्स स्थापित किए थे, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इनकी कुल संख्या 23 तक पहुंच गई है। 2014 से पहले देश में एमबीबीएस सीटों की कुल संख्या 51,348 थी और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 1,28,926 युवा एमबीबीएस कोर्स में दाखिला ले रहे हैं।
सपा पर बोला हमला
समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके एजेंडे में विकास नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार 59 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट लेकर आई थी, लेकिन सपा ने उसमें रोड़े अटकाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आज कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेता समाज को जाति के नाम पर बांटने का पाप कर रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.