सीएम योगी का संदेश- नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं

HIGHLIGHTS
- प्रदेश में 2.26 लाख से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई।
- पुलिस प्रशिक्षण की क्षमता में 10 गुना बढ़ोतरी हुई है।
- गैंगस्टर एक्ट के तहत 88,973 अपराधियों पर कार्रवाई की गई।
यूपी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर नए उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में अब कानून से ऊपर कोई नहीं है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि पुलिस स्मृति दिवस पर वह उन सभी वीर पुलिसकर्मियों को कृतज्ञतापूर्वक नमन करते हैं, जिन्होंने देश की सुरक्षा, समाज में शांति बनाए रखने और नागरिकों के जीवन की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों का शौर्य, साहस और समर्पण सभी के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
पहले प्रदेश में था माफिया राज: मुख्यमंत्री
योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में माफिया राज था। उस दौरान अराजक तत्वों के हौसले इतने बुलंद थे कि मथुरा के जवाहर बाग में कानून की रक्षा करते हुए पुलिस के वीर अधिकारियों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं है। प्रदेश उपद्रव से उत्सव की ओर बढ़ा है और पुलिस को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की स्वतंत्रता मिली है।
उन्होंने पुलिस व्यवस्था में किए गए बदलावों का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश में 2.26 लाख से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई है। प्रशिक्षण क्षमता में 10 गुना बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा सात बड़े शहरों में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू की गई है। हर जिले में साइबर थाना और प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। इन कदमों से पुलिस व्यवस्था अधिक सक्षम, आधुनिक और जवाबदेह बनी है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, गैंगस्टर एक्ट के तहत 88,973 अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की गई है। उन्होंने इसे अपराध और अपराधियों के विरुद्ध सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।
सुरक्षित और भयमुक्त उत्तर प्रदेश के लिए प्रयास जारी रहेंगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भरोसा दिलाया कि वीर पुलिसकर्मियों के बलिदान और उनके परिवारों के त्याग को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को सुरक्षित, न्यायपूर्ण और भयमुक्त बनाए रखने के लिए लगातार काम किया जाता रहेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.