सीतापुर की लापता छात्रा की मौत का खुलासा, बाराबंकी में नहर से मिली लाश

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में नहर से बरामद एक शव की पहचान रविवार को सीतापुर से लापता एक छात्रा के रूप में हुई। शव पुरुषों के कपड़ों में होने के कारण पहचान में समय लगा। पहचान होते ही मौके पर पहुंचे परिजन गहरे सदमे में आ गए। परिजनों ने आरोप लगाया है कि एक युवक की लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उनकी बेटी ने आत्मघाती कदम उठाया।
मामला सीतापुर जिले के बिसवां थाना क्षेत्र स्थित नेवराजपुर गांव से जुड़ा है। गांव निवासी सरदार जगदीप सिंह की 16 वर्षीय बेटी महकप्रीत कौर शहर के एक कॉलेज में बीबीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई में मेधावी और आत्मनिर्भर स्वभाव की महकप्रीत रोजाना बाइक से कॉलेज जाया करती थी।
15 दिसंबर से थी लापता
परिजनों के अनुसार, 15 दिसंबर को महकप्रीत कॉलेज के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पिता ने बिसवां कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। अगले दिन शारदा सहायक नहर की पटरी पर उसकी बाइक मिलने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई।
नहर से मिला था शव
इस बीच एक जनवरी को बाराबंकी के फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जरखा गांव के पास पुल के नीचे नहर से एक शव बरामद किया गया। शव कई दिन पुराना था और मृतका ने पैंट, शर्ट, बेल्ट और पगड़ी पहन रखी थी, जिससे पुलिस को पहले यह किसी युवक का शव प्रतीत हुआ। इसी आधार पर पोस्टमार्टम हाउस में शव को पुरुष श्रेणी में रखा गया और 72 घंटे तक सुरक्षित रखा गया।
परिजनों ने की पहचान
पुलिस ने आसपास के जिलों में सूचना प्रसारित की। इसके बाद रविवार को जगदीप सिंह अपने परिवार और सीतापुर के सिख समुदाय के लोगों के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां शव की पहचान महकप्रीत कौर के रूप में हुई।
प्रताड़ना का आरोप
मृतका के पिता का कहना है कि बेटी को लंबे समय से एक युवक परेशान कर रहा था, जिसकी जानकारी शुरुआत में उन्हें नहीं थी। बाद में पता चला कि आरोपी युवक उनके ही जिले का रहने वाला है। महकप्रीत ने यह बात अपनी छोटी बहन को बताई थी, लेकिन सामाजिक बदनामी के डर से परिजनों को सीधे नहीं बताया।
पुलिस जांच में जुटी
बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.