रेखा आर्या प्रकरण पर सीएम धामी का बयान, बोले- ऑडियो में आरोप लगाने से कुछ साबित नहीं होता

HIGHLIGHTS
- मामले की जांच एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में 10 सदस्यीय एसआईटी कर रही है।
- एसआईटी ने तीन दिन पहले मंत्री रेखा आर्या के बयान दर्ज किए और साक्ष्य जुटाने शुरू किए।
- गिरधारी लाल साहू का अब तक पता नहीं चला है। उनके नेपाल भागने की खबरें भी सामने आई हैं।
देहरादून: रेखा आर्या प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने मंत्री का बचाव किया है। 210 करोड़ रुपये के कथित घोटाले के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम धामी ने कहा कि किसी ऑडियो में किसी के आरोप लगा देने भर से वे सही साबित नहीं हो जाते। उन्होंने कहा कि दोनों 22 साल से साथ रह रहे हैं, ऐसे में सवाल उठता है कि अब तक आरोप क्यों नहीं लगाए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और इस मामले को किसी के राजनीतिक फायदे की मंशा से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने इसे संवेदनशील मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच की जरूरत पर जोर दिया। साथ ही कहा कि कोई भी दोषी बचना नहीं चाहिए।
पति के खिलाफ मंत्री रेखा आर्या ने दर्ज कराई थी प्राथमिकी
पिछले सप्ताह मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही साहू उन्हें प्रताड़ित करते रहे हैं। इसके अलावा, उन पर कई तरह की धोखाधड़ी करने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत के मुताबिक, साहू ने कंपनी के दस्तावेजों में कथित तौर पर जाली कागजात का इस्तेमाल कर रेखा आर्या का नाम कंपनी के निदेशक पद से हटा दिया। आरोप है कि इसका विरोध करने पर उन्हें जातिसूचक शब्द कहकर प्रताड़ित किया गया और मारपीट की कोशिश भी हुई।
मामले की जांच के लिए पुलिस ने एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में 10 सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था।
एसआईटी ने दर्ज किए रेखा आर्या के बयान
तीन दिन पहले एसआईटी ने मंत्री रेखा आर्या के बयान दर्ज किए। बताया जा रहा है कि इस दौरान मंत्री ने गिरधारी लाल साहू से जुड़े कुछ और तथ्यों की जानकारी जांच दल को दी। उन्होंने कथित जाली दस्तावेजों के उन संभावित स्थानों के बारे में भी बताया, जहां से एसआईटी उन्हें बरामद कर सकती है।
इसके बाद से एसआईटी मामले में साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। हालांकि, अब तक गिरधारी लाल साहू का पता नहीं चल पाया है। इसी बीच ऐसी खबरें भी सामने आई हैं कि साहू उत्तर प्रदेश के रास्ते नेपाल भाग गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.