दिल्ली को बड़ी सौगात, बारापुला फेस-3 एलीवेटेड कॉरिडोर का अमित शाह ने किया उद्घाटन

HIGHLIGHTS
- CM रेखा गुप्ता ने लोगों को किया संबोधित
- मुख्यमंत्री ने पिछली AAP सरकार पर लगाए आरोप
- विकास कार्यों को रोकने का लगाया आरोप
- मौजूदा सरकार के डेढ़ साल के कामकाज का किया जिक्र
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों को जिस पल का लंबे समय से इंतजार था, वह आखिरकार आज आ गया। नवनिर्मित बारापुला फेस 3 एलीवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन आज गृहमंत्री अमित शाह ने किया।
कार्यक्रम में अमित शाह का भाषण निर्धारित नहीं था। तय कार्यक्रम के मुताबिक उन्होंने एलीवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन किया और इसके बाद वापस लौट गए। इसी के साथ कार्यक्रम का समापन हो गया।
सीएम रेखा ने क्या कहा?
गृह मंत्री के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वहां मौजूद लोगों को संबोधित किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली आम आदमी पार्टी सरकार ने दिल्ली को बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी और दिल्ली का विकास पूरी तरह ठप कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि लोगों को परेशान किया गया, लेकिन हमारी सरकार के आने के डेढ़ साल के भीतर ही कई विकास कार्य शुरू किए गए हैं, कुछ शुरू हो रहे हैं और कई पूरे भी हो रहे हैं। जनता को हर सुख-सुविधा उपलब्ध कराने पर सरकार का ध्यान है और इसके लिए लगातार काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुल पिछली सरकार ने रोककर रखा हुआ था और इसे आगे नहीं बढ़ाया जा रहा था। पैसा मिलने के बावजूद उस सरकार ने काम पूरा नहीं किया। हमारी सरकार बनने के बाद तमाम अड़चनों को दूर किया गया और काम को आगे बढ़ाया गया। आज इसे जनता को समर्पित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम अगले 5 साल में आप सभी के सहयोग से इतना काम और इतने विकास कार्य कर देंगे, जितने पिछली सरकार ने 50 साल में भी नहीं किए होंगे।
क्या बोले प्रवेश वर्मा
उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि यह सिर्फ एक पुल का उद्घाटन नहीं है, बल्कि दिल्ली के लोगों के टैक्स के पैसे से बनने वाली उस योजना की शुरुआत भी है, जिसे पिछली सरकार ने रोककर रखा था।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनने के बाद सबसे पहले मैंने इस पुल का निरीक्षण किया था। उस समय अधिकारियों ने कहा था कि पहली बार कोई मंत्री इस पुल का निरीक्षण करने आया है। पिछली सरकार के दौरान यहां कोई देखने तक नहीं आया।
प्रवेश वर्मा ने कहा कि इससे पहले की सरकार में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने शीश महल में सोते थे और कोई यह देखने तक नहीं जाता था कि कहां क्या काम हो रहा है।
केंद्रीय राज्य मंत्री और दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि हमारी सरकार आने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली का विकास लगातार हो रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.