दिल्ली में अफवाहों पर पुलिस का शिकंजा, सोशल मीडिया से करीब 300 पोस्ट हटवाईं

HIGHLIGHTS
- दिल्ली पुलिस ने अब तक करीब 300 सोशल मीडिया पोस्ट हटवाई हैं।
- कार्रवाई सार्वजनिक शांति भंग करने और अफवाह फैलाने के आरोपों के बीच की गई।
- भ्रामक और आपत्तिजनक कंटेंट हटाने के लिए पुलिस ने एक्स से संपर्क किया है।
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच सोशल मीडिया पर फैल रही फर्जी खबरों और अफवाहों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सार्वजनिक शांति भंग करने और अफवाह फैलाने के आरोप में अब तक सोशल मीडिया की करीब 300 पोस्ट हटवाई जा चुकी हैं।
एआई से बनाए गए फर्जी वीडियो पर भी हुई थी कार्रवाई
यह कार्रवाई ऐसे समय में की जा रही है, जब कुछ दिन पहले दिल्ली पुलिस ने 24 वर्षीय नदीम अहमद को गिरफ्तार किया था। आरोपी पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान एक महिला पत्रकार के साथ पुलिसकर्मी द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने का फर्जी वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) टूल की मदद से तैयार कर वायरल करने का आरोप है।
पुलिस इस मामले की अलग से जांच कर रही है। यह मामला महिला पत्रकारों की ओर से पुलिसकर्मियों पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों से अलग है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के संपर्क में दिल्ली पुलिस
प्रदर्शनों से जुड़े भ्रामक और आपत्तिजनक कंटेंट पर नजर रख रही पुलिस टीमों ने ऐसी सामग्री हटाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' से भी संपर्क किया है।
पुलिस का मुख्य उद्देश्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रसारित की जा रही मनगढ़ंत सामग्री और भ्रामक दावों की पहचान करना तथा सार्वजनिक व्यवस्था बिगड़ने से रोकना है।
दिल्ली पुलिस ने चेतावनी दी है कि गलत सूचना फैलाने या अशांति पैदा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.