मेट्रो स्टेशन से घर जा रही बहनों को बदमाश ने बनाया निशाना, चाकू की नोक पर लूट

HIGHLIGHTS
- उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में दो बहनों से चाकू की नोक पर लूटपाट हुई।
- आरोपी अदीबा और अलीमा के मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया।
- वारदात के दौरान तीसरी बहन इरम थोड़ी पीछे चल रही थीं और बच गईं।
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में खरीदारी कर मेट्रो से घर लौट रही दो बहनों के साथ चाकू के बल पर लूटपाट की वारदात सामने आई है। आरोपी ने दोनों बहनों की गर्दन पर चाकू रखकर उनके मोबाइल फोन लूट लिए और मौके से फरार हो गया। वेलकम थाना पुलिस ने पीड़ित बहनों के बयान के आधार पर लूट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की तलाश कर रही है। मामले की जांच के लिए दो टीमें गठित की गई हैं।
चाकू की नोक पर लूटपाट
पुलिस के मुताबिक, 21 वर्षीय अदीबा डी-52, न्यू जाफराबाद इलाके में अपने परिवार के साथ रहती हैं। वह एमकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। उनके परिवार में पिता अब्दुल कय्यूम और अन्य भाई-बहन हैं। अदीबा अपने घर में सबसे बड़ी हैं।
पुलिस को दी गई शिकायत में अदीबा ने बताया कि 8 अक्टूबर को वह अपनी छोटी बहनों 18 वर्षीय अलीमा और 19 वर्षीय इरम के साथ सीलमपुर बाजार में खरीदारी करने गई थीं।
मोबाइल फोन लूटकर फरार हुआ बदमाश
खरीदारी के बाद तीनों बहनें मेट्रो से वापस लौटीं और न्यू जाफराबाद मेट्रो स्टेशन पर उतरीं। वहां से वे पैदल घर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान अचानक एक युवक वहां पहुंचा और चाकू निकालकर अदीबा व अलीमा से मोबाइल फोन मांगने लगा।
वारदात के दौरान तीसरी बहन बची
खुद को खतरे में देखकर अदीबा घबराकर चिल्लाने लगीं। इस पर बदमाश गुस्से में आ गया और उसने अदीबा की गर्दन पर चाकू रख दिया। इसके बाद आरोपी अदीबा और अलीमा के मोबाइल फोन छीनकर मौके से भाग निकला।
वारदात के समय तीसरी बहन इरम दोनों से थोड़ा पीछे चल रही थीं। इस वजह से वह लूटपाट का शिकार होने से बच गईं। घटना के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस घटनास्थल तक आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके जरिए बदमाश की पहचान करने और उसे पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच के लिए पुलिस ने दो टीमें गठित की हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.