दिल्ली: सदर बाजार में अतिक्रमण पर चला MCD का बुलडोजर, दुकानों के बाहर बने टीन शेड और खोखे हटाए

HIGHLIGHTS
- तेलीवाड़ा में भारी पुलिस बल के साथ एमसीडी का अभियान
- 15 से 20 दुकानों के बाहर से अवैध निर्माण हटाया गया
- बुलडोजर की मदद से टीन शेड और खोखे हटाए गए
नई दिल्ली। व्यापारिक केंद्र सदर बाजार में बढ़ते अतिक्रमण और रेहड़ी-पटरी वालों की दबंगई के खिलाफ एमसीडी ने सख्त कार्रवाई की है। बुधवार दोपहर तेलीवाड़ा इलाके में एमसीडी की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस दौरान 15 से 20 दुकानों के बाहर किए गए अवैध निर्माण, टीन शेड और खोखों को बुलडोजर की मदद से हटा दिया गया।
यह कार्रवाई प्रताप मार्केट के अध्यक्ष सुरेश जैन और अन्य स्थानीय दुकानदारों के साथ अवैध रेहड़ी-पटरी वालों द्वारा बदसलूकी किए जाने के बाद की गई। घटना के विरोध में दुकानदारों ने बुधवार को कुछ घंटे प्रताप मार्केट बंद रखकर विरोध जताया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन (फेस्टा) के अध्यक्ष राकेश कुमार यादव ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और एमसीडी के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की थी।
पहले भी उठती रही है कार्रवाई की मांग
सदर बाजार में सड़क और फुटपाथ पर बढ़ते अवैध कब्जों और इससे होने वाले ट्रैफिक जाम का मुद्दा पहले भी उठता रहा है। इससे पहले बहादुरगढ़ रोड, कुतुब रोड और बारा टूटी चौक पर अतिक्रमण के खिलाफ निगम ने सांकेतिक कार्रवाई की थी। हालांकि, स्थायी समाधान नहीं होने के कारण रेहड़ी-पटरी वाले दोबारा कब्जा कर लेते हैं।
अवैध कब्जों पर भी सख्त कार्रवाई की मांग
फेस्टा के महामंत्री राजेंद्र शर्मा ने कहा कि दुकानों के सामने से टीन शेड हटाना सही कदम है, लेकिन मुख्य समस्या सड़क और फुटपाथ पर अवैध कब्जा किए बैठे रेहड़ी-पटरी वालों की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को उनके खिलाफ भी इसी तरह लगातार और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि बाजार में आने वाले खरीदारों और व्यापारियों को राहत मिल सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.