इंडिया ब्लॉक की रैली के बाद दिल्ली पुलिस का एक्शन, 22 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR

HIGHLIGHTS
- दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की रैली के बाद पुलिस ने 22 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
- रविवार को रामलीला मैदान से जंतर-मंतर तक मार्च निकालने की कोशिश की गई थी।
- दिशा स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन और आरडब्ल्यूपीआई के सदस्यों ने मार्च निकालने का प्रयास किया।
दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की रैली के बाद पुलिस ने 22 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। रविवार को रामलीला मैदान से जंतर-मंतर तक मार्च निकालने की कोशिश कर रहे इन प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया था। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने निर्धारित अनुमति की शर्तों का उल्लंघन करते हुए मार्च निकालने का प्रयास किया।
दरअसल, इंडिया ब्लॉक के नेताओं की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ रामलीला मैदान में रैली आयोजित की गई थी। इस दौरान चुनाव आयोग के कामकाज और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। पुलिस के अनुसार, रैली के आयोजन की अनुमति दी गई थी, लेकिन रामलीला मैदान से जंतर-मंतर तक मार्च निकालने की इजाजत नहीं थी।
मिंटो रोड पर पुलिस ने रोका प्रदर्शनकारियों का मार्च
पुलिस के मुताबिक, इस रैली में करीब 50 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान था। शाम लगभग 5 बजे दिशा स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन और रिवोल्यूशनरी वर्कर्स पार्टी ऑफ इंडिया (आरडब्ल्यूपीआई) के सदस्यों ने जंतर-मंतर की तरफ मार्च शुरू करने की कोशिश की।
इस दौरान दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों ने मिंटो रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों का रास्ता रोक दिया। पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी।
22 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
पुलिस ने मौके से कुल 22 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। इसके बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। हिरासत में लिए गए सभी लोगों को दो बसों के जरिए द्वारका सेक्टर-23 और जाफरपुर कलां थाने पहुंचाया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जंतर-मंतर अब विरोध प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल नहीं है। ऐसे में रामलीला मैदान में रैली करने की अनुमति मिलने का यह मतलब नहीं था कि वहां से जंतर-मंतर तक मार्च निकालने की भी इजाजत मिल गई थी। इसी वजह से प्रदर्शनकारियों को मिंटो रोड पर ही रोक दिया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.