कानपुर में सड़क के गड्ढे में बाइक समेत गिरा डिलीवरी ब्वॉय, हेलमेट ने बचाई जान

HIGHLIGHTS
- युवक को आसपास के लोगों ने गड्ढे से बाहर निकाला।
- घायल डिलीवरी ब्वॉय को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
- हादसे का 1.26 मिनट का सीसी फुटेज इंटरनेट पर प्रसारित हो रहा है।
कानपुर। जाजमऊ स्थित हिन्दुस्तान कंपाउंड के पास मंगलवार देर रात बड़ा हादसा होने से टल गया। सड़क पर बने करीब पांच फीट गहरे गड्ढे में एक बाइक सवार डिलीवरी ब्वॉय बाइक समेत जा गिरा।
युवक ने हादसे के वक्त हेलमेट पहन रखा था, जिससे उसकी जान बच गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे गड्ढे से बाहर निकाला। इसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
स्थानीय निवासी इमरान, मो. इम्तियाज, शहजादे उर्फ सज्जू और जफरूल के मुताबिक, रात करीब 12:30 बजे डिलीवरी ब्वॉय बाइक से वहां से गुजर रहा था। इसी दौरान वह अचानक सड़क पर बने गड्ढे में गिर गया।
सीवर लाइन की मरम्मत के बाद खुला रह गया गड्ढा
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सीवर लाइन की मरम्मत के बाद जिम्मेदारों ने गड्ढे को भरने के बजाय खुला छोड़ दिया था। इसके चलते यहां लगातार हादसे की आशंका बनी हुई थी।
हादसे से संबंधित 1.26 मिनट का सीसी फुटेज इंटरनेट पर प्रसारित हो रहा है। इसे लेकर लोगों ने इंटरनेट पर जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठाए हैं।
हादसे के बाद क्षेत्रीय पार्षद फखर इकबाल ने गड्ढे में मिट्टी भरवाकर उसे बंद कराया और बैरिकेडिंग करा दी। उन्होंने बताया कि दो दिनों में चैंबर का पूरा काम करा दिया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.