खाने के पैकेट पर ‘100% शुद्ध’ लिखा देखकर न हों भ्रमित, FSSAI ने जारी की सख्ती

HIGHLIGHTS
- छह कंपनियों ने पैकेजिंग और प्रचार सामग्री से दावे हटाए
- उपभोक्ताओं को भ्रामक लेबल और विज्ञापनों से सावधान रहने की अपील
- शिकायत के लिए फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप और फोस्कोस पोर्टल का विकल्प
नई दिल्ली। खाद्य पदार्थों के पैकेट पर ‘सौ प्रतिशत शुद्ध’ या ‘प्राकृतिक’ लिखा होने को गुणवत्ता की गारंटी नहीं माना जा सकता। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने ऐसे दावों को भ्रामक मानते हुए कार्रवाई तेज कर दी है।
नियामक की कार्रवाई के बाद छह कंपनियों ने अपने खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग, लेबल, वेबसाइट और प्रचार सामग्री से ‘सौ प्रतिशत’ वाले दावे हटा दिए हैं।
प्राधिकरण के मुताबिक, इस तरह के दावों से उपभोक्ताओं के बीच उत्पाद की पूरी शुद्धता, गुणवत्ता या श्रेष्ठता को लेकर भ्रम पैदा हो सकता है। कई मामलों में उपभोक्ता इससे ठगे भी जा सकते हैं।
FSSAI ने ‘100% शुद्ध’ दावों को भ्रामक माना
एफएसएसएआई की इस कार्रवाई से संकेत मिलता है कि ऐसे दावों की निगरानी और कार्रवाई आगे भी बढ़ाई जा सकती है। प्राधिकरण ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि खाद्य पैकेटों पर भ्रामक लेबल या विज्ञापन की शिकायत फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप और फोस्कोस पोर्टल के जरिए की जा सकती है।
शिकायत के साथ संबंधित खाद्य पैकेट की तस्वीर, लाइसेंस या पंजीकरण संख्या और अगर उत्पाद ऑनलाइन बिक रहा है तो उसका लिंक भी साझा किया जा सकता है।
खाद्य सुरक्षा कानून में ‘सौ प्रतिशत’ शब्द को किसी विशेष गुणवत्ता की आधिकारिक पहचान के तौर पर परिभाषित नहीं किया गया है।
छह कंपनियों ने उत्पादों से हटाए दावे
एफएसएसएआई ने मई 2025 में भी खाद्य कारोबारियों को लेबल, पैकेजिंग और प्रचार सामग्री में इस तरह के दावों से बचने की सलाह दी थी। प्राधिकरण ने कहा था कि ऐसे दावे सही और स्पष्ट होने चाहिए।
प्राधिकरण के अनुसार, बोन बिस्कुट्स ने अपने बोन क्यूमिन फ्लेवर जीरा बाइट बिस्कुट के विज्ञापन से ऐसा दावा हटा दिया है।
ईमामी ने जंडू हनी और एपिस इंडिया ने अपने शहद उत्पादों से ‘सौ प्रतिशत’ वाले दावे हटा दिए हैं। इसी तरह एमवे इंडिया ने भी कोकोनट ऑयल से ऐसे दावे हटाने की पुष्टि की है। पुराने पैकेटों को बिक्री व्यवस्था से हटाकर नई पैकेजिंग लागू की जा रही है।
केरल की जुजा फूड्स ने अपने बेबी फूड उत्पादों जैसे रागी, बनाना पाउडर और स्वीट पोटैटो पाउडर के पैकेटों से ‘सौ प्रतिशत’ वाले दावे हटा दिए हैं। मास्टरचा फूड्स भी अपने रेमन नूडल उत्पाद पर ‘सौ प्रतिशत प्राकृतिक’ का दावा नहीं करेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.