मुंबई के पिंपरी-चिंचवड़ स्थित वाल्हेकरवाड़ी इलाके में इलेक्ट्रिक गाड़ियों में आग लगने की घटना सामने आई है। दगडोबा चौक पर चार्जिंग के लिए खड़ी इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर गाड़ियों में अचानक आग लग गई।
हादसे में दो ई-बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि इसकी चपेट में पास स्थित दो मंजिला इमारत भी आ गई। इस दौरान एक व्यक्ति घायल हो गया।
चार्जिंग के दौरान लगी आग
घटना को लेकर फायरमैन शहाजी कोपनकर ने बताया कि सुबह 7:18 बजे फायर कंट्रोल रूम को वाल्हेकरवाड़ी इलाके के एक फ्लैट में आग लगने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही फायर टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया।
मौके पर पहुंचने के बाद पता चला कि इमारत ग्राउंड प्लस दो मंजिला थी और फ्लैट के अंदर कुछ लोग फंसे हुए थे। शुरुआती जांच में सामने आया कि ग्राउंड फ्लोर पर चार्ज हो रही एक इलेक्ट्रिक बाइक से आग की शुरुआत हुई।
फायर टीम ने एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। फायर विभाग के अनुसार, हादसे में दो बाइक जल गईं और एक व्यक्ति घायल हुआ है। इसके अलावा कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.