CM रेखा गुप्ता को SIR नोटिस पर चुनाव आयोग ने दी सफाई, नाम पूरी तरह वैध

HIGHLIGHTS
- रेखा गुप्ता शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र-14 की पंजीकृत मतदाता हैं।
- गणना फार्म में दर्ज जानकारी के आधार पर नाम तार्किक विसंगति वाली सूची में आया था।
- नोटिस के बाद बीएलओ ने मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन किया।
नई दिल्ली। दिल्ली में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR 2026) प्रक्रिया के बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को नोटिस जारी किए जाने की खबरों पर चुनाव आयोग ने शनिवार को स्थिति स्पष्ट की। निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO), शालीमार बाग की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री का नाम पूरी तरह वैध कर दिया गया है।
सामान्य सत्यापन प्रक्रिया के तहत जारी हुआ था नोटिस
आयोग के मुताबिक, मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान गणना फार्म (Enumeration Form) में दर्ज जानकारी के आधार पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का नाम तार्किक विसंगतियों (Logical Discrepancies) वाली सूची में आया था। रेखा गुप्ता विधानसभा क्षेत्र-14 शालीमार बाग की पंजीकृत मतदाता हैं।
भारत निर्वाचन आयोग (ECI) की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत उन्हें नोटिस जारी किया गया। इसके बाद नामित बीएलओ (BLO) ने मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन (Physical Field Verification) किया।
4 नवंबर को अंतिम सूची में शामिल होगा नाम
निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री की ओर से उपलब्ध कराए गए तथ्यों और दस्तावेजों का उचित सत्यापन किया गया। इसके बाद उनका नाम अपडेट कर वैध कर दिया गया है।
रेखा गुप्ता का नाम 4 नवंबर 2026 को आधिकारिक रूप से प्रकाशित होने वाली शालीमार बाग (AC-14) की अंतिम मतदाता सूची (Final Electoral Roll) में शामिल किया जाएगा।
पारदर्शी प्रक्रिया को लेकर आयोग ने दोहराई प्रतिबद्धता
प्रेस नोट के अंत में चुनाव आयोग ने कहा कि पुनरीक्षण प्रक्रिया को पारदर्शी, सहभागी और समावेशी बनाने के लिए काम किया जा रहा है। आयोग के अनुसार, इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.