कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में आग लगी तो फेल हो गए फायर सिलिंडर, छात्रों ने खुद बुझाई आग

HIGHLIGHTS
- पीएचडी लाइब्रेरी की छत पर बने स्टोर रूम में शुक्रवार देर शाम आग लगी।
- मौके पर मौजूद फायर सिलिंडर काम नहीं करने पर छात्रों ने पानी से आग बुझाने का प्रयास किया।
- लिफ्ट लगाने के काम के दौरान मधुमक्खियों का छत्ता हटाने के लिए किए गए धुएं से चिंगारी गिरने की बात सामने आई।
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की सेंट्रल लाइब्रेरी के पीछे स्थित पीएचडी लाइब्रेरी की छत पर बने स्टोर रूम में शुक्रवार देर शाम अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण स्टोर रूम में रखा पुराने एसी का सामान, किताबें, नोट्स, बिजली के तार और अन्य सामग्री जल गई।
आग बुझाने के लिए मौके पर अग्निशमन सिलिंडर मौजूद थे, लेकिन इनमें से कोई भी उस समय काम नहीं आया। लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहे छात्रों ने आग बुझाने के लिए सेंट्रल लाइब्रेरी से भी सिलिंडर लाकर इस्तेमाल करने का प्रयास किया, लेकिन वे भी नहीं चले।
इसके बाद छात्रों ने खुद पानी की टंकियों से बाल्टियों में पानी भरकर और पाइप के माध्यम से आग बुझाने की कोशिश की। आग काफी तेज होने के कारण स्टोर रूम में धुआं भर गया, जिससे छात्रों को अंदर जाकर आग पर काबू पाने में परेशानी हुई।
मधुमक्खियों का छत्ता हटाने के दौरान गिरी चिंगारी
लाइब्रेरी के निदेशक डॉ. चेतनन शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि इन दिनों लाइब्रेरी में लिफ्ट लगाने का काम चल रहा है। इसी दौरान छत पर लगे मधुमक्खियों के छत्ते को हटाने के लिए ठेकेदार के कर्मचारियों की ओर से धुआं किया जा रहा था।
बताया गया कि इसी दौरान एक चिंगारी नीचे गिर गई, जिससे स्टोर रूम में आग लग गई। आग की चपेट में आने से वहां रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया।
आसपास से गुजर रहे थे बिजली के मोटे तार और पाइप
आग लगने के समय पीएचडी और सेंट्रल लाइब्रेरी में विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे थे। लाइब्रेरी देर रात तक खुली रहती है। जिस स्टोर रूम में आग लगी, उसके आसपास विश्वविद्यालय की बिजली व्यवस्था से जुड़े मोटे तार और पाइप भी गुजर रहे हैं।
छात्रों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। छात्रों का कहना है कि वहां न तो पानी की व्यवस्था थी और न ही फायर सेफ्टी के उचित इंतजाम थे।
ठेकेदार को शनिवार सुबह बुलाया गया
विश्वविद्यालय के सीएसओ डॉ. आनंद ने बताया कि लिफ्ट लगाने का काम कर रहे ठेकेदार के कर्मचारियों ने मधुमक्खियों को भगाने के लिए धुआं किया था। कर्मचारियों ने मौके पर आग को नहीं देखा, जिसके चलते आग फैल गई और स्टोर रूम में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया।
उन्होंने बताया कि मामले को लेकर ठेकेदार को तलब किया गया है। उसे शनिवार सुबह सीएसओ कार्यालय में बुलाया गया है, जहां पूरे मामले में उससे स्पष्टीकरण लिया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.