धनतेरस की रात फरीदाबाद में पार्किंग विवाद में कारोबारी की गोली मारकर हत्या

HIGHLIGHTS
- हरियाणा के फरीदाबाद के सेक्टर-21C में धनतेरस की रात पार्किंग विवाद में परमजीत धनकड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
- परमजीत सिंगापुर में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में उच्च पद पर कार्यरत थे और भांजे की शादी में शामिल होने घर आए थे।
- गाड़ी पार्क करने को लेकर तीसरी मंजिल पर रहने वाले पड़ोसी मोहन उर्फ मोनू शर्मा से उनकी कहासुनी हुई थी।
हरियाणा के फरीदाबाद जिले में दीपावली के त्योहार के बीच हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सेक्टर-21C में धनतेरस की रात कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से 15 से 16 राउंड फायरिंग की। मृतक की पहचान परमजीत धनकड़ के रूप में हुई है। वह एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में उच्च पद पर कार्यरत थे और नौकरी के सिलसिले में सिंगापुर में रहते थे। दो दिन पहले ही वह अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए सिंगापुर से फरीदाबाद स्थित घर लौटे थे।
मूल रूप से हिसार के रहने वाले परमजीत धनकड़ सेक्टर-21C के मकान नंबर 641 की पहली मंजिल पर पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रहते थे। उनके भांजे की शादी 24 नवंबर को होनी थी। शुक्रवार रात करीब 8 बजे वह जिम से कसरत करके घर लौटे थे। इसी दौरान गाड़ी पार्क करते समय तीसरी मंजिल पर रहने वाले पड़ोसी मोहन उर्फ मोनू शर्मा से उनकी कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर मोनू शर्मा ने आपा खो दिया और अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर परमजीत पर गोलियां चला दीं। आरोपी ने करीब 15 से 16 राउंड फायरिंग की। इनमें से 8 से 9 गोलियां परमजीत को लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पांच दिन पहले भी परमजीत के बेटे से की थी गाली-गलौज, परिवार समेत फरार आरोपी
पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच पार्किंग समेत अन्य मुद्दों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। वारदात से पांच दिन पहले भी आरोपी मोनू ने परमजीत के बेटे के साथ सरेआम गाली-गलौज की थी।
परमजीत की गोली मारकर हत्या करने के बाद आरोपी मोनू शर्मा अपने पूरे परिवार के साथ मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
सूरजकुंड पुलिस और FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, क्राइम ब्रांच कर रही आरोपी की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही सूरजकुंड थाना पुलिस, एफएसएल टीम और क्राइम ब्रांच की कई टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने मौके से खाली कारतूस बरामद किए और अन्य साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर ESI मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम वहीं कराया जाएगा।
थाना प्रभारी पहलाद कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। क्राइम ब्रांच की टीमें उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.