पहलगाम में बादल फटने से बाढ़ जैसे हालात, राजौरी में नदी के तेज बहाव में फंसे 6 लोग बचाए गए

HIGHLIGHTS
- पहलगाम में भारी जलभराव से निचले क्षेत्रों में लोगों को परेशानी हुई।
- राजौरी में खांडली नदी के तेज बहाव के बीच छह लोग फंस गए थे।
- SDRF की टीम ने अभियान चलाकर सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कश्मीर संभाग के पहलगाम इलाके में मंगलवार को बादल फटने के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए। कई निचले क्षेत्रों में भारी जलभराव के कारण होटल, दुकानें और घर पानी से भर गए।
सड़कों पर पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, जम्मू संभाग के कई जिलों में बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर रहे। तेज बारिश के चलते विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए जिला पुंछ में स्कूल बंद रखे गए।
जम्मू संभाग के राजौरी जिले में भी लगातार बारिश के बीच खांडली नदी का जलस्तर बढ़ गया। तेज बहाव में फंसे छह लोगों को एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू किए गए लोगों में चमन लाल का 17 वर्षीय पुत्र विक्रम सिंह, उनके परिवार के सदस्य सतवीर सिंह और 45 वर्षीय भोली देवी शामिल हैं। इनके अलावा आसिफ अली शाह का 11 वर्षीय पुत्र अरमान शाह तथा पांच और सात वर्ष की जारा और जोया को भी सुरक्षित बचाया गया।
वैष्णो देवी हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित
बारिश और आसमान में बादल छाए रहने के कारण दिन के ज्यादातर समय कटड़ा-सांझीछत हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित रही। घाटी में हल्की बारिश होने के बाद दिनभर मौसम खुला रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार बुधवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। हालांकि, आने वाले दिनों में मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। जम्मू संभाग के राजौरी और पुंछ जिलों में तेज बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित रहा। पुंछ में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है।
प्रशासन ने दी यात्रा से बचने की सलाह
प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों से दूरी बनाए रखने और बिना जरूरत यात्रा न करने की अपील की है। वहीं, ऊधमपुर में सुबह हल्की बारिश हुई। जिला कठुआ में बारिश के कारण बनी-बसोहली मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। जम्मू में दिन के समय गर्मी और उमस महसूस हुई, हालांकि आसमान में हल्के बादल भी छाए रहे।
जम्मू में दिन का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू संभाग के बनिहाल में अधिकतम तापमान 28.2, बटोत में 26.8 और भद्रवाह में 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
कटड़ा में पिछले 24 घंटे के दौरान 62.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई और यहां अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी श्रीनगर में अधिकतम तापमान 29.5, पहलगाम में 22.7 और गुलमर्ग में 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.