विधानसभा सत्र के अंतिम दिन सुनील शर्मा का उमर सरकार पर हमला, बोले- 100 वादे, परफॉर्मेंस 0

HIGHLIGHTS
- विधानसभा सत्र के अंतिम दिन सुनील शर्मा ने मीडिया से बातचीत की।
- उन्होंने सरकार के 100 वादों का जिक्र किया।
- सुनील शर्मा ने सत्तापक्ष के विधायकों के बयानों को लेकर दावा किया।
विधानसभा सत्र के अंतिम दिन नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने उमर सरकार और विधानसभा अध्यक्ष पर तीखा निशाना साधा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को बचाने के उद्देश्य से जानबूझकर विधानसभा का सत्र इतना छोटा रखा गया। शर्मा ने कहा कि सरकार ने 100 वादे किए थे, लेकिन उसकी परफॉर्मेंस 0 रही है।
शर्मा ने दावा किया कि सत्तापक्ष के विधायकों ने ही अपनी सरकार के मंत्रियों को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया। उनके मुताबिक इससे विपक्ष के उस आरोप की पुष्टि हुई कि सरकार नाकाम और अप्रभावी साबित हुई है। विधानसभा में पारित प्रस्ताव को उन्होंने असांविधानिक, गैर-संसदीय और गैर-कानूनी करार दिया।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अलग संविधान या अलग झंडे की मांग को कभी स्वीकार नहीं किया जाएगा। शर्मा ने इस असांविधानिक कदम पर जांच एजेंसियों से भी संज्ञान लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ ‘प्रॉमिसिज वर्सेज परफॉर्मेंस’ का डोजियर जारी किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष पर भी लगाए आरोप
विधानसभा अध्यक्ष पर सांविधानिक मर्यादा और गरिमा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए सुनील शर्मा ने कहा कि जिस प्रस्ताव को विधि विभाग और मुख्य सचिव ने अवैध बताया था, उसे सदन में पारित करा दिया गया।
मुख्यमंत्री उमर पर गोपनीयता की शपथ के उल्लंघन का आरोप
शर्मा ने मुख्यमंत्री उमर पर गोपनीयता की शपथ का उल्लंघन करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने विधायकों की निजी बातचीत को सदन के भीतर सार्वजनिक कर मर्यादा का उल्लंघन किया है।
शर्मा ने कहा कि यदि विपक्ष सत्तापक्ष के विधायकों की ओर से कही गई बातों को सार्वजनिक कर दे, तो मुख्यमंत्री के लिए सदन में बैठना भी मुश्किल हो जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष ने एक बार फिर कहा कि वह सरकार के खिलाफ ‘प्रॉमिसिज वर्सेज परफॉर्मेंस’ का डोजियर जारी कर रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.