मुजफ्फरनगर में धूमधाम से निकली श्यामा-श्याम की पालकी यात्रा, भक्तिमय हुआ गांधी कॉलोनी

HIGHLIGHTS
- पालकी यात्रा करीब तीन किलोमीटर लंबी रही।
- यात्रा शाम करीब 6 बजे मंदिर से शुरू हुई थी।
- रात करीब 12 बजे पालकी यात्रा वापस मंदिर पहुंची।
मुजफ्फरनगर। गांधी कॉलोनी स्थित श्री श्री गोलोक धाम मंदिर में जन्माष्टमी पर्व और 24वें पटोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया जा रहा है। महोत्सव के तहत मंगलवार देर शाम करीब 6 बजे मंदिर से श्यामा-श्याम की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई।
इस पालकी यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। करीब तीन किलोमीटर लंबी यह यात्रा गांधी कॉलोनी की गलियों से होकर गुजरी और रात करीब 12 बजे वापस मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
राधा नाम का जाप करते हुए संकीर्तन में शामिल हुए श्रद्धालु
पालकी यात्रा के दौरान श्यामा-श्याम जी को भव्य रथ पर विराजमान कर गांधी कॉलोनी की गलियों में भ्रमण कराया गया। श्रद्धालु संगत और संकीर्तन करते हुए राधा नाम का जाप करते नजर आए। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
महिलाओं ने की झाड़ू सेवा, घरों के बाहर खड़े होकर किए दर्शन
पालकी यात्रा में महिलाओं की झाड़ू सेवा खास आकर्षण का केंद्र रही। श्यामा-श्याम जी की पालकी के आगे महिलाएं झाड़ू सेवा करते हुए चल रही थीं। वहीं, यात्रा के गांधी कॉलोनी की गलियों से गुजरने के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घरों के बाहर खड़े होकर श्यामा-श्याम जी के दर्शन करते दिखाई दिए।
बच्चों ने राधा-कृष्ण की झांकियों से बांधा समां
पालकी यात्रा में बच्चों ने राधा-कृष्ण की झांकियों के रूप में प्रस्तुतियां दीं। भजन और संकीर्तन के बीच बच्चों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। धार्मिक माहौल के बीच पूरी गांधी कॉलोनी भक्तिमय नजर आई। उत्तर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल भी कार्यक्रम में पहुंचे और श्रद्धालुओं के साथ धार्मिक आयोजन में शामिल हुए।
24 साल से निकल रही पालकी यात्रा
श्री श्री गोलोक धाम मंदिर कमेटी के सदस्य और गांधी कॉलोनी हाउसिंग सोसायटी के अध्यक्ष पवन छाबड़ा ने बताया कि मंदिर से पिछले 24 वर्षों से लगातार पालकी यात्रा निकाली जा रही है। जन्माष्टमी और पटोत्सव के अवसर पर आगामी दिनों में भी कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में विशेष रूप से फूल बंगला तैयार किया जा रहा है। इसमें श्यामा-श्याम जी का भव्य श्रृंगार किया जाएगा और श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। इसके अलावा भजन संध्या समेत अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.