ग्रेटर नोएडा में ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़, छात्रों को सप्लाई करने वाले 4 तस्कर गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- ग्रेटर नोएडा में नॉलेज पार्क पुलिस ने चार ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया।
- आरोपियों के पास से करीब 15 लाख रुपये के विदेशी मादक पदार्थ और अन्य सामान बरामद हुआ।
- पुलिस आरोपियों के नेटवर्क और मादक पदार्थों की सप्लाई के स्रोत की जांच कर रही है।
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को चार ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत के विभिन्न प्रकार के विदेशी मादक पदार्थ बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान (29) निवासी मधुबन विहार, दीपक कुमार (27) निवासी सूरजपुर और मूल रूप से अल्मोड़ा उत्तराखंड, शिवम कुमार (23) निवासी फर्रुखाबाद और वर्तमान पता सेक्टर-82 नोएडा तथा बोबी (22) निवासी हल्दौनी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से 1 किलो 50 ग्राम सिलोंग गांजा, 70 ग्राम शैम्पेन एमडी, 75 ग्राम ओजी, 144 एमडीएमए की गोलियां, 63 ग्राम काला हैश, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई है।
आरोपी स्कूल, कॉलेज और छात्रावासों में रहने वाले छात्रों को महंगे दामों पर नशे का सामान बेचते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ऑनलाइन और व्हाट्सएप के माध्यम से मादक पदार्थों के ऑर्डर लेते थे। इसके बाद कॉलेज, हॉस्टल या तय स्थानों पर ऑनलाइन कूरियर या पोर्टर के जरिए इसकी डिलीवरी की जाती थी।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि नॉलेज पार्क पुलिस ने गुरुवार को क्राउन एक्सपो की ओर से एक्सपो मार्ट जाने वाले रास्ते पर स्थित पुलिस पिकेट के पास घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी विदेशी किस्म के मादक पदार्थों को छोटी-छोटी पुड़िया और गोलियों के रूप में तैयार कर स्कूलों, कॉलेजों और हॉस्टलों में रहने वाले छात्रों को बेचते थे। आरोपी इन मादक पदार्थों को तीन से चार हजार रुपये प्रति ग्राम या तय मात्रा के अनुसार बेचते थे।
चारों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को मादक पदार्थ कहां से मिलते थे और इनके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। इसके अलावा आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.