'नहीं गिर रहा सर...': नोएडा की 43वीं मंजिल से कूदने वाले युवक का नया वीडियो आया सामने

HIGHLIGHTS
- मृतक की पहचान 19 वर्षीय संभव जैन के रूप में हुई है।
- संभव जैन मानेसर, गुरुग्राम का रहने वाला था।
- वह स्पायरा बिल्डिंग के एक कमरे में एक दिन के लिए ठहरा था।
नोएडा। सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसायटी में हुई दर्दनाक घटना से जुड़ा एक नया वीडियो सामने आया है। गुरुग्राम निवासी एक 19 वर्षीय युवक ने 43वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी थी। शुरुआती जांच में मानसिक तनाव की बात सामने आई थी। अब सामने आए वीडियो में घटना से पहले के कुछ पलों की तस्वीर दिखाई दे रही है।
युवक को बचाने की कोशिश करते दिखे लोग
नए वीडियो में नजर आ रहा है कि युवक के छलांग लगाने से पहले वहां मौजूद कुछ लोगों और एसी मैकेनिक ने उसे बचाने की कोशिश की थी। लोग उसे लगातार समझाते हुए नीचे आने के लिए कह रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बचाने की कोशिश के दौरान युवक ने कहा था, ‘नहीं गिर रहा सर...’। इसके कुछ ही देर बाद उसने अचानक छलांग लगा दी। पास में मौजूद एक केयरटेकर के कैमरे में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई।
एक दिन के लिए कमरे में ठहरा था युवक
मृतक की पहचान संभव जैन (19), पुत्र विनय कुमार जैन, निवासी मानेसर, गुरुग्राम के रूप में हुई है। वह सुपरनोवा सोसायटी की स्पायरा बिल्डिंग के एक कमरे में अकेले एक दिन के लिए ठहरने आया था।
पुलिस के मुताबिक, संभव जैन कमरे की बालकनी की रेलिंग से लटक गया और इसके बाद नीचे कूद गया। 43वीं मंजिल से गिरने के कारण उसके शरीर को गंभीर नुकसान पहुंचा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद सोसायटी और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने कमरे, बालकनी और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आत्महत्या से ठीक पहले वहां क्या गतिविधियां हुई थीं।
मानसिक तनाव की बात सामने आई
पुलिस की शुरुआती पूछताछ और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, संभव जैन कुछ समय से मानसिक तनाव में था। हालांकि, उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वास्तविक वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.