गुजरात: कपडवंज में अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 6 लोग घायल

अहमदाबाद। गुजरात के खेड़ा जिले के कपडवंज इलाके में शनिवार को एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट होने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में 5 से 6 लोगों के घायल होने की सूचना है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचकर राहत और जांच कार्य में जुटे हुए हैं।
धमाके से कांपी जमीन, इमारत ढही
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपिंग स्टेशन के सामने स्थित इस अवैध फैक्ट्री में हुआ धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दराज के गांवों तक सुनाई दी और आसपास के इलाकों में कंपन महसूस किया गया। विस्फोट के चलते फैक्ट्री की इमारत पूरी तरह ढह गई और मलबे में बदल गई।
घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल
धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। मलबे को हटाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई व्यक्ति उसके नीचे फंसा न हो।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही खेड़ा एसओजी ने वासो गांव में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। इसके बावजूद कपडवंज में हुई इस दूसरी घटना ने प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बिना लाइसेंस चल रही इस फैक्ट्री का संचालन कौन कर रहा था और सुरक्षा मानकों की अनदेखी कैसे हुई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.