हापुड़: पाकिस्तान जाने की जिद में घर से निकली महिला, बीकानेर में मिली, जांच शुरू

HIGHLIGHTS
- सिंभावली क्षेत्र के हरौड़ा गांव की तबस्सुम पाकिस्तान जाने की जिद में घर से निकल गई थी।
- राजस्थान के बीकानेर में मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।
- ATS की टीम ने सिंभावली थाने में महिला से करीब दो घंटे पूछताछ की।
- IB और LIU ने भी महिला के परिवार और संपर्कों से जुड़ी जानकारी जुटाई।
सिंभावली-हापुड़। पाकिस्तान जाने की जिद में घर से निकली सिंभावली क्षेत्र के हरौड़ा गांव की रहने वाली तबस्सुम के मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है।
राजस्थान के बीकानेर में महिला के मिलने और वहां भी पाकिस्तान जाने की बात सामने आने के बाद एटीएस, आईबी और एलआईयू सक्रिय हो गई हैं। शनिवार को एटीएस की टीम सिंभावली थाने पहुंची और महिला से करीब दो घंटे तक पूछताछ की।
जांच टीम ने महिला के घर से निकलने से लेकर बीकानेर पहुंचने तक की पूरी जानकारी जुटाई। हालांकि, अभी तक महिला के किसी आतंकी संगठन या पाकिस्तान स्थित नेटवर्क से संबंध होने की पुष्टि नहीं हुई है।
कुछ महीनों से पाकिस्तान जाने की जिद कर रही थी
जांच में सामने आया कि सिंभावली थाना क्षेत्र के हरौड़ा गांव निवासी अमजद कबाड़ का काम करते हैं। अमजद के पिता इसत्याक गन्ना क्रेशर चलाते हैं।
अमजद की पत्नी तबस्सुम पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तान जाने की जिद कर रही थी। मंगलवार सुबह वह चुपचाप पाकिस्तान जाने के लिए घर से निकल गई। गुरुवार को उसके राजस्थान के बीकानेर में मिलने की जानकारी सामने आई।
बीकानेर में पुलिस ने रोका, पति हापुड़ लेकर लौटे
बीकानेर में कोर्ट गेट थाना पुलिस ने महिला को रोककर पूछताछ की। इस दौरान महिला ने पाकिस्तान जाने की बात कही। पुलिस ने उसके स्वजन के बारे में जानकारी जुटाई और उसके पति से संपर्क किया।
इसके बाद पति अमजद बीकानेर पहुंचे और महिला को अपने साथ लेकर हापुड़ लौट आए।
एटीएस ने महिला से करीब दो घंटे की पूछताछ
तबस्सुम के बीकानेर पहुंचने और पाकिस्तान जाने की बात सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लिया। शनिवार को एटीएस की टीम सिंभावली थाने पहुंची।
टीम ने महिला से करीब दो घंटे तक अलग-अलग बिंदुओं पर पूछताछ की। उसके मोबाइल फोन, संपर्कों, घर से निकलने के कारण और बीकानेर तक पहुंचने के संबंध में भी जानकारी जुटाई गई।
आईबी ने परिवार के लोगों से भी की बातचीत
देर शाम आईबी की टीम भी महिला के घर पहुंची। टीम ने तबस्सुम के साथ उसके परिवार के लोगों से भी बातचीत की। इस दौरान महिला के व्यवहार, संपर्कों और पिछले कुछ दिनों की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई गई।
महिला पाकिस्तान जाने की बात क्यों कह रही थी और क्या वह किसी व्यक्ति के संपर्क में थी, इस बारे में भी जानकारी जुटाई गई। हालांकि, महिला के स्वजन का कहना है कि वह अपनी बेटी को पाकिस्तान में पढ़ाने के लिए वहां जा रही थी।
गांव में लोगों से पूछताछ कर दर्ज किए बयान
सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता के बीच स्थानीय स्तर पर एलआईयू ने भी जांच शुरू कर दी है। टीम ने गांव में महिला के आसपास रहने वाले लोगों और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए हैं।
एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि महिला के पाकिस्तान जाने की इच्छा के पीछे कोई व्यक्ति, संपर्क या अन्य वजह तो नहीं थी।
महिला के संपर्कों का सत्यापन कर रही एजेंसियां
फिलहाल जांच एजेंसियां महिला के बयानों और उसके संपर्कों का सत्यापन कर रही हैं। अधिकारियों की ओर से अभी तक किसी आतंकी कनेक्शन की पुष्टि नहीं की गई है।
मुझको भी थाने पर बुलाया गया था। वहां पर एटीएस और आईबी के अधिकारियों ने महिला और परिवार के बारे में जानकारी जुटाई। उनको सभी जरूरी जानकारी दे दी गई है। इससे ज्यादा बातचीत करने के लिए अधिकारियों ने मना किया है।
- मोहम्मद दानिश, ग्राम प्रधान।
हरौड़ा गांव की तबस्सुम पाकिस्तान जाने के लिए घर से गई थी। वह मानसिक रूप से कमजोर नहीं है। उसके पाकिस्तान जाने की जिद करने का कारण समझ में नहीं आ रहा है। खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों ने पूछताछ की है। हम पूछताछ में शामिल नहीं रहे हैं। फिलहाल महिला को घर पर भेज दिया गया है।
- सुरेश कुमार, एसएचओ, थाना सिंभावली।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.