सुप्रीम कोर्ट में वकील की CJI से तीखी बहस, बोले- आप इस कुर्सी के लायक नहीं

HIGHLIGHTS
- सुप्रीम कोर्ट में 2 नवंबर को दाखिल एक याचिका सूचीबद्ध नहीं होने पर विवाद हुआ।
- मोटर दुर्घटना दावों से जुड़े मामलों की सुनवाई के दौरान वकील ने इस मुद्दे को उठाया।
- वकील ने कहा कि याचिका सूचीबद्ध नहीं हुई, जबकि सीजेआई कार्यालय को इसकी जानकारी दी गई थी।
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में 2 नवंबर को दाखिल एक याचिका सूचीबद्ध नहीं होने की प्रक्रियात्मक चूक पर एक वकील ने कड़ी नाराजगी जताई। बिना किसी पूर्व सूचना के मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कोर्ट में हंगामा किया और सीजेआई के पद पर बने रहने को लेकर जस्टिस सूर्यकांत की योग्यता पर सवाल खड़े कर दिए।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, बेंच उस समय मोटर दुर्घटना दावों से जुड़े कुछ मामलों की सुनवाई कर रही थी। इसी दौरान एक वकील ने कहा कि 2 नवंबर को दाखिल उनकी याचिका अब तक सूचीबद्ध नहीं हुई है, जबकि इस संबंध में सीजेआई के कार्यालय को जानकारी दे दी गई थी।
कोर्ट ने बिना पूर्व सूचना मामला उठाने पर जताई आपत्ति
अचानक इस तरह मामला उठाए जाने पर कोर्ट ने आपत्ति जताई। वकील को सलाह दी गई कि याचिका को जल्द सूचीबद्ध कराने के अनुरोध के लिए रजिस्ट्रार को सूचित करें। इस पर वकील ने कहा कि वह पहले ही माफी मांग चुके हैं और अब सिर्फ यह जानना चाहते हैं कि उनकी याचिका को सूची में शामिल क्यों नहीं किया गया।
सीजेआई ने जब कहा कि वह इस मामले को देखेंगे, तो वकील नाराज हो गए। उन्होंने कहा, "नहीं, मैं इंतजार नहीं करूंगा। आप उस कुर्सी पर नहीं बैठ सकते। आप इसके लायक नहीं हैं। आपमें इसके लिए जरूरी ईमानदारी नहीं है।"
'याचिका सूचीबद्ध करने में सीजेआई की कोई भूमिका नहीं'
रजिस्ट्री के एक अधिकारी ने स्पष्ट किया कि याचिकाओं को सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया कोर्ट का सॉफ्टवेयर संचालित करता है। इसमें सीजेआई की कोई विशेष भूमिका नहीं होती। अधिकारी ने बताया, "6 नवंबर से पहले कई याचिकाएं दायर की गई थीं, जिसके बाद दिवाली की छुट्टियों के चलते कोर्ट एक सप्ताह तक बंद रहा।"
वकील के इस व्यवहार पर बार के कुछ सदस्यों ने भी कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सीजेआई से मुलाकात कर संबंधित वकील के खिलाफ अदालत की अवमानना की कार्यवाही शुरू करने का अनुरोध किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.