न्यूयॉर्क के को-ऑप सिटी अपार्टमेंट में फायरिंग, दो सुरक्षा अधिकारी घायल, हमलावर ने की आत्महत्या

HIGHLIGHTS
- न्यूयॉर्क के ब्रोंक्स स्थित को-ऑप सिटी अपार्टमेंट में गोलीबारी की घटना।
- बंदूकधारी ने दो सुरक्षा अधिकारियों को गोली मारकर घायल किया।
- घटना के बाद आरोपी ने खुद को एक अपार्टमेंट में बंद कर लिया।
सोमवार को न्यूयॉर्क शहर के ब्रोंक्स इलाके में स्थित ‘को-ऑप सिटी’ अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। यहां एक बंदूकधारी ने दो सुरक्षा अधिकारियों को गोली मारकर घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी एक अपार्टमेंट के अंदर चला गया और खुद को वहां बंद कर लिया।
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद हमलावर अपार्टमेंट के भीतर मृत अवस्था में मिला। पुलिस के अनुसार, उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। वहीं, गोलीबारी में घायल हुए दोनों सुरक्षा अधिकारियों की हालत गंभीर नहीं है।
हमलावर ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या
न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने पुष्टि की है कि गोलीबारी में घायल हुए दोनों लोग ‘को-ऑप सिटी डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक सेफ्टी’ के अधिकारी थे। ये अधिकारी अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स की निजी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा हैं। पुलिस ने शुरुआत में घटना में तीन लोगों के घायल होने की जानकारी दी थी, हालांकि बाद में घायलों की संख्या को लेकर अपने बयान में सुधार किया।
गौरतलब है कि ‘को-ऑप सिटी’ का निर्माण 1960 और 70 के दशक में मध्यम आय वर्ग के लोगों को आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया था। इस आवासीय परिसर में 15,300 से अधिक कोऑपरेटिव अपार्टमेंट हैं। इनमें ऊंची इमारतों के साथ टाउनहोम भी शामिल हैं। इस पूरे कॉम्प्लेक्स में करीब 50,000 लोग रहते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.