उत्तराखंड में बड़ा बस हादसा: पुल से 100 मीटर नीचे गदेरे में गिरी बस, 4 की मौत

HIGHLIGHTS
- हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही विश्वनाथ सेवा की बस मंगलवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
- हादसा ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गूलर बाजार के पास हुआ।
- बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी।
हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही यात्रियों से भरी एक बस मंगलवार सुबह गूलर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस पुल से लगभग 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दो अन्य लोगों के भी खाई में गिरने की जानकारी मिली है। एक शव और आठ घायल एम्स ऋषिकेश पहुंचाए गए हैं।
गूलर बाजार के नजदीक हुए इस हादसे के वक्त बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। जानकारी के मुताबिक, विश्वनाथ सेवा की बस सुबह 3:30 बजे हरिद्वार से रवाना हुई थी। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। इसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।
एसएसपी श्वेता चौबे के अनुसार, दुर्घटना में चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि दो अन्य लोग खाई में गिरे हुए हैं। उन्हें बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अब तक बस से 20 घायलों को बाहर निकाला गया है। इनमें से 19 लोगों को तत्काल इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। बाकी घायलों को ऋषिकेश के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें भी मौके पर भेजी गई हैं। घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें आपसी तालमेल के साथ राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई हैं। रेस्क्यू अभियान अभी जारी है।
घायलों की सूची
मोहम्मद वहाब अंसारी पुत्र उस्मान अंसारी, निवासी छैलापाता, जिला दुमका, झारखंड, उम्र 22 वर्ष।
राहुल कुमार पुत्र उपेंद्र कुमार, निवासी ट्रकुल अपार्टमेंट, पटना, बिहार, उम्र 24 वर्ष।
अभिषेक पुत्र राजेंद्र सिंह, निवासी मोहम्मद नथा, जसपुर, ऊधमसिंहनगर, उम्र 28 वर्ष।
प्रत्यूष पुत्र सुभाष, निवासी बुढ़ाकेशी, खटीमा, ऊधमसिंहनगर, उम्र 23 वर्ष।
अर्जुन सौरन पुत्र प्रधान सौरन, निवासी ग्राम सीलीबुना, थाना रानीचौल, जिला दुमका, झारखंड, उम्र 34 वर्ष।
बुधन मुर्मू पुत्र देवान मुर्मू, निवासी ढोडिया, जिला दुमका, झारखंड, उम्र 50 वर्ष।
आयरा पुत्री नूर जहां, निवासी गुवाहाटी, असम, उम्र 3 वर्ष।
नूर जहां पत्नी विशाल, निवासी गुवाहाटी, असम, उम्र 26 वर्ष।
राजकुमार पुत्र काली चरण, निवासी ग्राम उपर मजियारा, जिला दुमका, झारखंड, उम्र 32 वर्ष।
जतिन पुत्र जीतपाल, निवासी डीडीए क्वार्टर, जिला शाहदरा, दिल्ली, उम्र 21 वर्ष।
पंकज नेगी पुत्र पूरण नेगी, निवासी धौलतीर, रुद्रप्रयाग, उम्र 31 वर्ष।
संतोष कुमार पुत्र नरेश प्रसाद, निवासी जहानाबाद, थाना घोषी, बिहार, उम्र 38 वर्ष।
वीरेंद्र सिंह पुत्र मुरली सिंह, निवासी हैरन, कर्णप्रयाग, चमोली, उम्र 58 वर्ष।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.