हैदराबाद के चारलापल्ली रेलवे स्टेशन पर खाली ट्रेन के कोच में लगी आग, दमकल ने 40 मिनट में पाया काबू

HIGHLIGHTS
- घटना के समय कोच प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 के बीच खड़ा था।
- आग की सूचना मिलने पर शाम 6:35 बजे दमकल विभाग को बुलाया गया।
- दमकल कर्मियों ने करीब 7:15 बजे आग पर काबू पाया।
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के चारलापल्ली रेलवे स्टेशन पर सोमवार शाम करीब 6:30 बजे खड़ी एक खाली ट्रेन के कोच में आग लग गई। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। साउथ सेंट्रल रेलवे के अनुसार, आग लगने के समय कोच प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 के बीच खड़ा था। सूचना मिलने के बाद शाम 6:35 बजे दमकल विभाग को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने करीब 7:15 बजे आग पर काबू पा लिया।
चेरलापल्ली रेलवे स्टेशन पर खड़े ट्रेन के खाली डिब्बे से आग की ऊंची लपटें और घना धुआं निकलने लगा। इससे स्टेशन के आसपास मौजूद लोगों और यात्रियों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी मिलने पर रेलवे अधिकारी और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के वक्त खाली था ट्रेन का कोच
दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई। राहत की बात यह रही कि जिस कोच में आग लगी, उसमें उस समय कोई यात्री मौजूद नहीं था। ऐसे में हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इससे अधिकारियों और यात्रियों ने राहत की सांस ली।
सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर हाल ही में हुए आधुनिकीकरण के कार्य के मद्देनजर चेरलापल्ली टर्मिनल से विकल्प के तौर पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों में हमेशा भीड़ बनी रहती है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
भीड़भाड़ वाले इलाके में खड़े ट्रेन के कोच में आग लगने की घटना के पीछे शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। रेलवे सुरक्षा अधिकारियों और पुलिस ने आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही तकनीकी विशेषज्ञों की एक टीम भी उन परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है, जिनकी वजह से कोच में आग लगी।
अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.