रोहतक गैंगवार में हनीट्रैप का एंगल, टारगेट को होटल बुलाने वाली जाह्नवी थाईलैंड फरार

HIGHLIGHTS
- रोहतक में 26 नवंबर को हुए गैंगवार में हनीट्रैप का एंगल सामने आया है।
- चार लोगों की हत्या के मामले में महिला जाह्नवी की भूमिका की जांच की जा रही है।
- आरोप है कि जाह्नवी ने साहिल रितोली को कॉफी पीने के बहाने होटल बुलाया था।
रोहतक। हरियाणा के रोहतक में 26 नवंबर को हुई गैंगवार में अब हनीट्रैप का मामला सामने आया है। चार लोगों की हत्या के इस मामले में हनीट्रैप के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। टारगेट को होटल तक बुलाने वाली महिला जाह्नवी देश छोड़कर थाईलैंड पहुंच गई है। भारतीय एजेंसियां अब रॉयल थाई पुलिस से संपर्क करने का प्रयास कर रही हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि गोलीबारी के तुरंत बाद जाह्नवी को घटनास्थल से दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट ले जाया गया था। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, उसने पहले से तय योजना के तहत अगली सुबह आठ बजे बैंकॉक जाने वाली फ्लाइट पकड़ी। पुलिस के उसे पकड़ने से पहले ही वह देश से बाहर निकल चुकी थी।
गैंगवार से 10 दिन पहले जारी हुआ था जाह्नवी का पासपोर्ट
रोहतक हत्याकांड से महज 10 दिन पहले जाह्नवी का पासपोर्ट जारी किया गया था। पुलिस की जांच में सामने आया है कि उसका पासपोर्ट 16 नवंबर को बना था। वहीं, बैंकॉक जाने के लिए उसकी फ्लाइट का टिकट विदेश में रह रहे साहिल नाम के एक गैंगस्टर ने बुक कराया था।
जांच में यह भी पता चला है कि उत्तर प्रदेश के शामली की रहने वाली जाह्नवी ऐसे परिवार से आती है, जिसका आपराधिक इतिहास रहा है। आरोप है कि उसने अपने टारगेट साहिल रितोली से दोस्ती की और कॉफी पीने के बहाने उसे होटल में बुलाया।
हमले के दौरान बच निकला रितोली
रितोली होटल में उन तीन लोगों के साथ ठहरा हुआ था, जिनकी बाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई। जैसे ही रितोली वहां पहुंचा, हथियारों से लैस हमलावरों ने हमला कर दिया। वह किसी तरह मौके से भागने में सफल रहा, लेकिन उसके साथी गोलीबारी की चपेट में आ गए और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
चौथे मृतक की भूमिका को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस को आशंका है कि उसकी हत्या गलती से हुई हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, इस हत्याकांड की साजिश जॉर्जिया से रची गई थी।
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गंगनौली गांव का रहने वाला गैंगस्टर रवि राठी फिलहाल जॉर्जिया की राजधानी त्बिलिसी से अपना गैंग चला रहा है। वह जेल में बंद गैंगस्टर हिमांशु भाऊ का प्रमुख सहयोगी बताया जाता है।






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.