रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, रजरप्पा मंदिर जा रहे 13 श्रद्धालुओं की मौत

HIGHLIGHTS
- झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा।
- रविवार तड़के कुजू थाना क्षेत्र के पैंकी के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई स्कॉर्पियो।
- वाहन में सवार 14 लोगों में से 13 की मौत, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल।
रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना नेशनल हाईवे पर रविवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 13 श्रद्धालुओं की जान चली गई। मृतकों में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। सभी बिहार के नालंदा जिले के निवासी थे और प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जा रहे थे।
रात करीब दो बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना कुजू थाना क्षेत्र के पैंकी स्थित भाजपा कार्यालय के पास रात करीब दो बजे हुई। नालंदा जिले के जंघारो गांव से एक एसयूवी में 14 लोग सवार होकर रजरप्पा जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर वाहन अनियंत्रित हो गया और भीषण हादसे का शिकार हो गया।
इस दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि वाहन में मौजूद एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिहार के नालंदा जिले से आ रही स्कॉर्पियो (बीआर21पी 6331) में कुल 14 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि सरस्वती विद्या मंदिर, नालंदा से जुड़े परिवार में एक सदस्य की शिक्षक के पद पर नौकरी लगने की खुशी में सभी रजरप्पा मंदिर में पूजा करने जा रहे थे।
स्थानीय लोगों ने शुरू किया राहत-बचाव कार्य
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त वाहन के मलबे से लोगों को बाहर निकाला और घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
सीएम हेमंत सोरेन ने जताया शोक
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि रामगढ़ में पैंकी गांव के पास NH-33 पर हुई सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है।
उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मारांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति दें और शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.