मुजफ्फरनगर में मंत्री नरेंद्र कश्यप का सपा पर हमला, बोले- अखिलेश सरकार में हुए थे 800 से ज्यादा दंगे

HIGHLIGHTS
- राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने मुजफ्फरनगर में अधिकारियों के साथ विभागीय योजनाओं की समीक्षा की।
- बैठक मेरठ रोड स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में आयोजित की गई।
- मंत्री ने सपा-कांग्रेस गठबंधन को सिद्धांतों और विचारों के विपरीत बताया।
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने शनिवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर पिछड़ा वर्ग कल्याण और दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। मेरठ रोड स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह, एसएसपी सूरज कुमार राय, एसडीएम, तहसीलदार और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर निशाना साधा। उन्होंने इस गठबंधन को सिद्धांतों और विचारों के विपरीत बताया। साथ ही दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता एक बार फिर एनडीए के पक्ष में समर्थन देगी।
अखिलेश सरकार के कार्यकाल में 800 से अधिक दंगों का दावा
नरेंद्र कश्यप ने सपा की सरकारों पर तुष्टिकरण की राजनीति करने, दंगों को बढ़ावा देने, युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने और प्रदेश के विकास को पीछे धकेलने के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते हुए प्रदेश में 800 से ज्यादा दंगे हुए थे। मंत्री ने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में मुजफ्फरनगर को दंगों का सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ा।
सपा के घोषणा पत्र पर भी सवाल उठाए
महिला पेंशन, पेपर लीक कानून और रोजगार से जुड़े सपा के वादों पर पूछे गए सवालों के जवाब में मंत्री ने कहा कि जनता समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र पर भरोसा नहीं कर सकती। उन्होंने सपा सरकारों पर नकल, नौकरियों में खर्ची-पर्ची, अपराध, परिवारवाद और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के आरोप भी लगाए।
पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश
बैठक के दौरान मंत्री ने पिछड़ा वर्ग कल्याण और दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक तेजी और निष्पक्षता के साथ पहुंचाया जाए। दिव्यांगजनों को सरकारी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के साथ पिछड़े वर्ग के लोगों को भी विभागीय योजनाओं का पूरा लाभ देने को कहा।
इसके अलावा उन्होंने जिलाधिकारी और एसएसपी को विकास योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने, कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.