मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों को लगाई फटकार, बोले- जनता को दफ्तरों के चक्कर न लगवाएं

HIGHLIGHTS
- मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शनिवार शाम विकास भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
- MDA में नक्शे स्वीकृत करने में हो रही देरी पर नाराजगी जताई।
- प्रधानमंत्री आवास योजना के मकानों की गुणवत्ता और पानी की सुविधा से जुड़ी शिकायतों की जांच के निर्देश दिए।
मुजफ्फरनगर। जिले में विकास कार्यों की धीमी प्रगति और आम लोगों की समस्याओं को लेकर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शनिवार शाम करीब 6:30 बजे विकास भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग विभागों के कार्यों की स्थिति जानी और लंबित कामों को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से कहा कि लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
MDA और प्रधानमंत्री आवास योजना की शिकायतों पर नाराजगी
बैठक के दौरान मंत्री ने मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (MDA) में नक्शे पास होने में हो रही देरी पर नाराजगी जाहिर की। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित मकानों की गुणवत्ता और पानी की सुविधा को लेकर मिली शिकायतों पर भी संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा। उन्होंने इन शिकायतों की जांच कर समस्याओं का निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में DM सुनील कुमार सिंह, सीडीओ अमित सिंह, नगर मजिस्ट्रेट दीपक पाल, MDA सचिव कुंवर बहादुर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
खुदाई के बाद सड़कों की मरम्मत कराएं, बार-बार न हो खुदाई
मंत्री ने जल निगम के अधिकारियों को पाइपलाइन और पानी की टंकियों के निर्माण के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। बिजली विभाग से लंबित ट्रांसफार्मर, बिजली के खंभों और लाइनों की शिफ्टिंग का काम पूरा करने को कहा।
नगर पालिका को बिजली, गैस, पानी और सीवर विभागों के साथ आपसी समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए, ताकि सड़कों को बार-बार खोदने की जरूरत न पड़े और आम लोगों को परेशानी न हो।
अस्पताल से जुड़ी शिकायतों की जांच के निर्देश
ग्रामीण इलाकों में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने और सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति सुधारने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया। जिला अस्पताल से संबंधित शिकायतों पर सीएमओ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा श्रम विभाग को पात्र श्रमिकों के आवेदनों को लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए गए।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: मंत्री
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही और आम जनता को परेशान करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को लंबित कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे करने और शिकायतों का निर्धारित समय में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.