मुजफ्फरनगर: छपार-रोहाना मार्ग का होगा चौड़ीकरण, 48 करोड़ रुपये मंजूर; कैबिनेट मंत्री ने किया शुभारंभ

HIGHLIGHTS
- छपार-रोहाना मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू।
- परियोजना के लिए 48 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है।
- छपार से चरथावल तक सड़क की चौड़ाई 7 से बढ़ाकर 10 मीटर होगी।
मुजफ्फरनगर। छपार-रोहाना मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जाएगा। शनिवार को कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीन पर नारियल फोड़कर कार्य की शुरुआत की। इस परियोजना के तहत सड़क की चौड़ाई 7 मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर की जाएगी। मार्ग का निर्माण छपार से चरथावल तक होगा।
ठेकेदार के आवास पर हुई सभा
कार्य शुभारंभ से पहले ठेकेदार कपिल त्यागी के आवास पर एक सभा आयोजित की गई। इसमें अनिल कुमार ने बताया कि उन्होंने इस मार्ग को चौड़ा करने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष रखा था, जिसके लिए 48 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। सड़क के किनारे लगे बिजली के पोल भी हटाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मार्ग चौड़ा होने से किसानों, स्थानीय निवासियों और छात्रों को लाभ मिलेगा।
दूसरे मार्गों के लिए भी मिली मंजूरी
मंत्री ने बताया कि बसपा विधायक रहते हुए उनके प्रयासों से इस सड़क को 7 मीटर चौड़ा कराया गया था। उन्होंने दधेडू तक शनि नाम के मार्ग को भी 10 मीटर चौड़ा करवाया है। उनके अनुसार, उनकी विधानसभा क्षेत्र के अन्य मार्गों की चौड़ाई भी 10 मीटर की गई है।
उन्होंने बताया कि छपार से तेजलहेड़ा, खाईखेड़ी से तुगलकपुर और हरिनगर तक जाने वाले एक मार्ग को साढ़े पांच मीटर चौड़ा करने के लिए 35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा नए मार्गों के निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है।
छपार और बहेड़ी में बाईपास का प्रस्ताव
अनिल कुमार ने कहा कि छपार और बहेड़ी गांव में बाईपास बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। उम्मीद है कि इसे जल्द मंजूरी मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास करना उनका प्रयास है।
सड़कों के निर्माण और कानून-व्यवस्था का किया जिक्र
मंत्री ने प्रदेश में सड़कों और एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने गुंडाराज समाप्त किया है और युवाओं को बिना खर्च सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने कानून-व्यवस्था को आगे भी एक अहम मुद्दा बताते हुए लोगों से वोट बनवाने की अपील की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.