मुजफ्फरनगर में ट्रांसफार्मर फटने से झुलसी 15 वर्षीय सानिया की मौत, छोटी बहन का इलाज जारी

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के छतेला गांव में ट्रांसफार्मर फटने से झुलसी 15 वर्षीय सानिया की मौत हो गई।
- सानिया ने करीब एक सप्ताह तक जिंदगी के लिए संघर्ष किया।
- हादसा 20 नवंबर की शाम करीब पांच बजे हुआ था।
मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र के छतेला गांव में ट्रांसफार्मर फटने से झुलसी 15 वर्षीय किशोरी सानिया ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। करीब एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद बीती रात उसकी मौत हो गई। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। हादसे में झुलसी उसकी छोटी बहन का अभी उपचार चल रहा है। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है।
20 नवंबर को हुआ था हादसा
दरअसल, 20 नवंबर यानी पिछले शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे छतेला गांव में एक मकान के पास लगे ट्रांसफार्मर में अचानक विस्फोट हो गया था। उस समय घर के अंदर सानिया अपनी छोटी बहन के साथ कढ़ाई-बुनाई का काम कर रही थी।
ट्रांसफार्मर फटने के बाद उसमें से निकला गर्म तेल दोनों बहनों पर गिर गया था, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गई थीं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी।
CHC से जिला अस्पताल किया गया था रेफर
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल बहनों को उपचार के लिए CHC बघरा ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था।
सानिया की हालत गंभीर होने के कारण उसका उपचार जारी था। हालांकि, करीब एक सप्ताह तक जिंदगी के लिए जूझने के बाद बीती देर रात उसकी मौत हो गई।
छोटी बहन का उपचार जारी
सानिया की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे में घायल उसकी छोटी बहन का अभी उपचार चल रहा है। एक ही परिवार की दो बेटियों के झुलसने और उनमें से बड़ी बेटी की मौत होने से परिजन गहरे सदमे में हैं।
कॉइल में खराबी से हुआ था विस्फोट
हादसे के बाद बिजली विभाग के JE सुनील कुमार ने बताया था कि ट्रांसफार्मर की कॉइल में आंतरिक खराबी के कारण कभी-कभी इस तरह की घटनाएं हो जाती हैं। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.