मुजफ्फरनगर: जिला अस्पताल में इलाज के नाम पर पैसे मांगने वालों पर होगी FIR, CMO ने दी चेतावनी

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में अवैध वसूली करने वालों पर सख्ती की जाएगी।
- इलाज या सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर पैसे मांगने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी।
- शुक्रवार शाम सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने पुलिस चौकी प्रभारी के साथ अस्पताल का निरीक्षण किया।
मुजफ्फरनगर। जिला अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों से इलाज या सरकारी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के बदले पैसे मांगने वालों के खिलाफ अब एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। शुक्रवार शाम सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने पुलिस चौकी प्रभारी के साथ अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग वार्डों, ओपीडी और अन्य विभागों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने साफ किया कि जिला अस्पताल में सरकारी व्यवस्था के तहत मरीजों का इलाज निशुल्क किया जाता है। उपचार, जांच और अस्पताल में मिलने वाली निशुल्क सुविधाओं के लिए मरीजों या उनके तीमारदारों को किसी भी व्यक्ति को पैसे देने की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई व्यक्ति चिकित्सा सुविधा दिलाने के नाम पर पैसे मांगता है या लेन-देन करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराते हुए कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने मरीजों और उनके तीमारदारों से कहा कि यदि अस्पताल में कोई उनसे पैसे की मांग करता है, तो वे तुरंत परिसर में स्थित पुलिस चौकी पर इसकी शिकायत करें। इसके अलावा सीएमएस डॉ. भुजवीर सिंह को भी सीधे जानकारी दी जा सकती है। उन्होंने पुलिस चौकी प्रभारी और अस्पताल प्रशासन को ऐसी शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
रैन बसेरे और ओपीडी की व्यवस्थाएं भी जांचीं
सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए सीएमओ ने अस्पताल परिसर में बनाए गए रैन बसेरे का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी), टेलीमेडिसिन सेवाओं और विभिन्न ओपीडी में पहुंचकर व्यवस्थाओं को परखा।
सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए और सभी सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.