जनसुनवाई में उठे जलभराव, सीवर और सफाई समेत कई मुद्दे, रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री ने नागरिकों की शिकायतें सीधे सुनकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
- जनसुनवाई में शिक्षा, जलभराव और सीवर से जुड़ी समस्याएं सामने आईं।
- विद्युत सुरक्षा और सफाई से जुड़ी शिकायतें भी मुख्यमंत्री के सामने रखी गईं।
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में आयोजित जनसुनवाई के दौरान दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों से आए नागरिकों से सीधे संवाद किया। उन्होंने एक-एक कर लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को मामलों की गंभीरता के अनुसार आवश्यक कार्रवाई और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का दरवाजा जनता के लिए हमेशा खुला रहना चाहिए। नागरिक अपनी समस्याएं लेकर सीधे सरकार तक पहुंचें, उनकी बात संवेदनशीलता के साथ सुनी जाए और समाधान के लिए उन्हें अनावश्यक रूप से दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, यही वर्तमान दिल्ली सरकार की कार्यसंस्कृति है।
समस्याओं पर मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, त्वरित समाधान के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान शिक्षा, लंबित पुरस्कार राशि, जलभराव, सीवर, विद्युत सुरक्षा, सफाई, अवैध निर्माण और कनेक्शन समेत विभिन्न समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखी गईं। मुख्यमंत्री ने सभी मामलों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को जांच, जरूरी कार्रवाई तथा समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों की सुरक्षा और शिक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने तथा लंबे समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने पर जोर दिया।
लंबित मामलों का समाधान सुनिश्चित करने पर जोर
जनसुनवाई में कुछ नागरिकों ने बताया कि वे पहले भी संबंधित विभागों के सामने शिकायतें रख चुके हैं, लेकिन लंबे समय के बाद भी उनका समाधान नहीं हुआ। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबे समय से लंबित शिकायतों की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा की जाए और जहां प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई जरूरी है, वहां उसे आगे बढ़ाया जाए।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल नागरिकों की शिकायत सुनना नहीं, बल्कि शिकायत को समाधान तक पहुंचाना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.