जम्मू-कश्मीर: कठुआ में CISF कैंप में फायरिंग, असिस्टेंट कमांडेंट समेत 4 जवानों की मौत; आरोपी हिरासत में

HIGHLIGHTS
- बसोहली सब डिवीजन के हट्ट माश्का में फायरिंग
- एनएचपीसी की पनबिजली परियोजना में CISF की तैनाती
- सेवा-तीन पावर प्रोजेक्ट की सुरक्षा में तैनात थे जवान
- किसी बात को लेकर दो जवानों के बीच हुई थी बहस
जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बसोहली सब डिवीजन स्थित हट्ट माश्का में एनएचपीसी की ओर से संचालित पनबिजली परियोजना की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के एक जवान ने कहासुनी के बाद अपने ही अधिकारियों पर फायरिंग कर दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जवान की गोलीबारी में एक असिस्टेंट कमांडेंट, एक सब इंस्पेक्टर और दो अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों की मौत हो गई है। मामले में आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सीआईएसएफ के चार जवानों की मौत हुई है। मृतकों में एक असिस्टेंट कमांडेंट भी शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, सीआईएसएफ के ये जवान हिमाचल प्रदेश की सीमा से लगे बसोहली के मशका गांव में सेवा-तीन पावर प्रोजेक्ट की सुरक्षा में तैनात थे।
अधिकारियों ने बताया कि किसी बात को लेकर दो जवानों के बीच बहस हो गई थी। इसके बाद उनमें से एक जवान ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं, जिसकी वजह से चार जवानों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।






















Comments are closed for this article.