मुजफ्फरनगर में दर्दनाक हादसा: टेंट खोलते समय करंट की चपेट में आया युवक, मौत

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर की बचनसिंह कॉलोनी में बुधवार शाम हुआ हादसा।
- टेंट हटाते समय लोहे का पाइप 11 हजार वोल्ट की लाइन से टकराया।
- करंट लगने से 25 वर्षीय गौतम कश्यप की मौत।
मुजफ्फरनगर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित बचनसिंह कॉलोनी में बुधवार शाम करीब 5:30 बजे टेंट हटाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। करंट लगने से टेंटकर्मी गौतम कश्यप (25) की जान चली गई।
टेंट हटाते समय बिजली के तार से टकराया पाइप
फेस्टिवल सीजन में पचेंडा रोड पर एक मिठाई की दुकान के बाहर टेंट लगाया गया था। बुधवार शाम जनकपुरी निवासी गौतम टेंट खोलने के लिए लोहे का पाइप निकाल रहा था। इसी दौरान पाइप ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से छू गया। बिजली का करंट लगते ही गौतम जमीन पर गिर पड़ा।
करंट लगने के बाद शरीर में लगी आग, पैर झुलसा
घटना के प्रत्यक्षदर्शी बलेदीन ने बताया कि वह हादसे वाली जगह से करीब पांच फुट की दूरी पर बैठे थे। उनके मुताबिक, करंट लगते ही गौतम के शरीर में आग लग गई। उन्होंने पानी का कैंपर उठाकर उसके पैर पर मारा, जिससे पाइप पैर से अलग हो गया।
हालांकि, तब तक गौतम का पैर बुरी तरह झुलस चुका था। बलेदीन ने उसकी उम्र करीब 25 से 26 साल बताई। उन्होंने बताया कि गौतम आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से था। ऐसे में उसके परिजनों को आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए।
बिजली की लाइन की ऊंचाई को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी
स्थानीय निवासी रवि पाल ने बिजली की लाइन की ऊंचाई पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि 11 हजार वोल्ट की लाइन सड़क और लोगों की आवाजाही वाले क्षेत्र के ऊपर से गुजर रही है। तार जमीन से महज 12 से 15 फुट की ऊंचाई पर हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, भीड़भाड़ वाले इलाके में बिजली के तार काफी नीचे हैं और यहां पहले भी हादसे हो चुके हैं। लोगों ने बिजली विभाग से तारों की ऊंचाई बढ़ाने के साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.