मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़, गांजा तस्कर के पैर में लगी गोली; 22 किलो गांजा बरामद

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में बुधवार देर शाम करीब 8 बजे पुलिस और गांजा तस्कर के बीच मुठभेड़ हुई।
- नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के कुकड़ा रोड पर पुलिस चेकिंग कर रही थी।
- भोपा रोड की तरफ से आ रहे बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया था।
मुजफ्फरनगर: जिले में बुधवार देर शाम पुलिस चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार गांजा तस्कर ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर उसकी घेराबंदी की तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मामला नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के कुकड़ा रोड का है।
पुलिस के अनुसार, डीआईजी के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा अभियान के तहत बुधवार शाम पुलिस टीम कुकड़ा रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भोपा रोड की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन बाइक सवार रुकने के बजाय अचानक मुड़कर वहां से भागने लगा।
आरोपी कच्चे रास्ते से होते हुए हाईवे की तरफ निकलने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे घेरने का प्रयास किया, लेकिन उसने पुलिस पर गोली चला दी।
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, पैर में लगी गोली
सीओ नई मंडी राजू राव ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी की घेराबंदी की थी। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी की पहचान आशीष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
22 किलो गांजा, तमंचा और कारतूस समेत बाइक व नकदी बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से करीब 22 किलो गांजा बरामद किया है। इसके अलावा उसके कब्जे से एक देसी तमंचा, कारतूस, बाइक और नकदी भी मिली है।
पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 से 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में स्थानीय स्तर पर गांजा बेचने की बात कबूली
सीओ नई मंडी के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह किसी व्यक्ति से गांजा खरीदता था और इसके बाद स्थानीय स्तर पर उसकी बिक्री करता था। अब पुलिस गांजे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क और इसकी खरीद-बिक्री में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
आरोपी पर चोरी के आधा दर्जन मुकदमे दर्ज
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आशीष के खिलाफ चोरी के करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा मारपीट, छेड़छाड़ और अन्य गंभीर मामलों में भी उसके खिलाफ केस दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। आरोपी पहले भी जेल जा चुका है।
फिलहाल पुलिस गांजे की सप्लाई के स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.