कुलगाम आतंकी हमले का CCTV वीडियो आया सामने, 15 सेकेंड में दागीं 30 गोलियां

HIGHLIGHTS
- जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार को CRPF नाके पर आतंकियों ने हमला किया।
- बाइक सवार आतंकियों ने महज 15 सेकेंड में 30 राउंड फायरिंग की।
- हमले में CRPF के तीन जवान गंभीर रूप से घायल हुए।
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार को आतंकवादियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के नाके को निशाना बनाते हुए हमला किया। अचानक हुई इस गोलीबारी में सीआरपीएफ के तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
हमले से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आतंकियों की ओर से लगातार गोलियां चलाते हुए देखा जा सकता है। जानकारी के मुताबिक, महज 15 सेकेंड के भीतर करीब 30 राउंड फायर किए गए। जवाबी कार्रवाई में सीआरपीएफ के जवानों ने भी कई राउंड गोलियां चलाईं।
गोलियों की आवाज से दहला कुलगाम
सैन्य अधिकारियों के अनुसार, मीर बाजार के नजदीक अखरान में स्थित सुरक्षा चौकी पर बाइक से पहुंचे आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। शुरुआती 15 सेकेंड में ही 30 गोलियां चलाई गईं। इसके बाद अगले एक मिनट के दौरान करीब एक दर्जन और गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी।
सीसीटीवी फुटेज में गोलीबारी के दौरान कैमरे के सामने छर्रे या छोटे पत्थर गिरते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आतंकी लतीफ बट के मॉड्यूल पर हमले का शक
गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। आतंकियों की तलाश और उन्हें पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। इसके साथ ही व्यापक तलाशी अभियान भी शुरू किया गया है।
फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि इस वारदात के पीछे लश्कर-ए-तैयबा के हिट स्क्वाड के तौर पर पहचाने जाने वाले 'द रजिस्टेंस फ्रंट' (TRF) के आतंकी लतीफ बट का मॉड्यूल हो सकता है।
हमले के समय कुलगाम में मौजूद थे एलजी मनोज सिन्हा
सीआरपीएफ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, आतंकियों ने बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे हमला किया। गोलीबारी में घायल हुए तीनों जवानों को उपचार के लिए अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के समय जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी कुलगाम में मौजूद थे। हालांकि, वह हमले वाली जगह के आसपास नहीं थे।
डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी ने केंद्र सरकार पर उठाए सवाल
कुलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 के बाद भी जम्मू-कश्मीर में कई आतंकी हमले हो चुके हैं। उनका कहना था कि प्रदेश से विशेष दर्जा समाप्त किए जाने के बावजूद आतंकवादी घटनाएं रुक नहीं पाई हैं।
उन्होंने पहलगाम से लेकर कुलगाम तक हुए हमलों का जिक्र करते हुए भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार से कई सवाल भी पूछे।
रविंदर रैना ने हमले को बताया कश्मीर के खिलाफ साजिश
भाजपा नेता रविंदर रैना ने कुलगाम में सीआरपीएफ गश्ती दल पर हुए हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों की ओर से सुरक्षाबलों को निशाना बनाना कश्मीर के हालात बिगाड़ने की एक और कोशिश और साजिश है। रैना के मुताबिक, यह हमला कश्मीर के खिलाफ रची गई साजिश का हिस्सा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.