कांवड़ यात्रा में मुजफ्फरनगर पुलिस की सेवा भावना ने जीता लोगों का दिल, सोशल मीडिया पर हो रही तारीफ

HIGHLIGHTS
- कांवड़ यात्रा के दौरान मुजफ्फरनगर पुलिस की सेवा भावना की हो रही सराहना।
- X पर #ThankYouMuzaffarnagarPolice ट्रेंड कर रहा है।
- हजारों लोगों ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पुलिसकर्मियों का आभार जताया।
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान मुजफ्फरनगर पुलिस की सेवाओं को लेकर लोगों की ओर से लगातार सराहना सामने आ रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर #ThankYouMuzaffarnagarPolice ट्रेंड कर रहा है। बड़ी संख्या में लोगों ने पोस्ट के जरिए पुलिसकर्मियों का आभार जताते हुए उनकी ड्यूटी और सेवा भावना की प्रशंसा की।
कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिसकर्मी कांवड़ मार्गों, शिव चौक, प्रमुख चौराहों और सेवा शिविरों में लगातार तैनात रहे। भारी भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था संभालने के अलावा पुलिसकर्मियों ने शिवभक्तों को रास्ता बताने और जरूरत के समय उनकी मदद करने का काम भी किया। बीमार या घायल शिवभक्तों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराने, भीड़ के बीच एंबुलेंस को रास्ता दिलाने और आपात परिस्थितियों में मदद पहुंचाने में भी पुलिसकर्मी सक्रिय रहे।
सोशल मीडिया पर पुलिस की लंबी ड्यूटी की सराहना
X पर लोगों ने पुलिसकर्मियों की लंबी ड्यूटी, भीड़ को नियंत्रित करने और कांवड़ियों की सहायता करने के लिए उनकी तारीफ की। कई यूजर्स ने पोस्ट के माध्यम से पुलिस टीम के सेवा भाव के लिए धन्यवाद दिया। दावा किया जा रहा है कि मुजफ्फरनगर के इतिहास में यह पहली बार है, जब इतनी बड़ी संख्या में लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए पुलिस के प्रति आभार जताया है।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी की पुलिस की तारीफ
रविवार देर शाम उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल शिव चौक पहुंचे। उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान मुजफ्फरनगर पुलिस की कार्यशैली की सराहना की। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि सुरक्षा के साथ सेवा भाव से निभाई गई जिम्मेदारी सराहनीय है।
सुरक्षा के साथ सेवा पर भी रहा जोर
कांवड़ यात्रा के दौरान पूरे जिले में पुलिस की सक्रियता लगातार बनी रही। यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करना, कांवड़ियों के लिए सुगम रास्ता सुनिश्चित करना और आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल रहा। सोशल मीडिया पर चल रहा #ThankYouMuzaffarnagarPolice अभियान पुलिसकर्मियों को जनता की ओर से मिले सम्मान और उनकी सेवाओं के प्रति आभार के तौर पर देखा जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.