मंत्री कपिलदेव अग्रवाल पहुंचे जिला अस्पताल, हबीबपुर हादसे में घायल बच्चियों का जाना हाल

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के हबीबपुर सीकरी में कच्चे मकान की छत गिरने से पांच लोगों की मौत के बाद जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई।
- राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चियों का हाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
- चरथावल विधायक पंकज मलिक ने भी हादसे पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
मुजफ्फरनगर। फुगाना थाना क्षेत्र के ग्राम हबीबपुर सीकरी में बीती रात कच्चे मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत और दो बच्चों के घायल होने की घटना के बाद पूरे जनपद में शोक का माहौल है।
हादसे की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल रात करीब 11 बजे जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायल बच्चों का हाल जाना। वहीं, विपक्ष की ओर से चरथावल विधायक पंकज मलिक ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अस्पताल पहुंचकर दोनों घायल बच्चियों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों से बच्चों के इलाज की जानकारी ली और निर्देश दिए कि उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही न हो तथा घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले, दुखी परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्राप्त हो तथा घायल बच्चियां जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौटें।
वहीं, समाजवादी पार्टी के चरथावल विधायक पंकज मलिक ने भी हबीबपुर सीकरी की घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र के गांव हबीबपुर सीकरी में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की असमय मौत बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने खास तौर पर चार मासूम बच्चों की मौत पर दुख जताया और घायल दोनों बच्चियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
पंकज मलिक ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा समाज और उनकी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.