खतौली में घोड़ों की रेस पर लग रही थी बाजी, पुलिस ने 12 जुआरियों को पकड़ा; नकदी-घोड़े बरामद

HIGHLIGHTS
- फुलत रोड पर नहर के आगे पुलिस ने दबिश दी।
- 26 अगस्त की रात कार्रवाई कर 12 लोगों को पकड़ा गया।
- मौके से 53,200 रुपये की जुआ राशि मिली।
मुजफ्फरनगर। खतौली में घोड़ों की रेस पर जुआ खेलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने फुलत रोड पर नहर के आगे पेड़ों के नीचे बुधवार रात करीब 10 बजे छापा मारकर घोड़ा रेस की तैयारी कर रहे 12 लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी घोड़ों की रेस पर हार-जीत की बाजी लगा रहे थे। रेस शुरू होने से पहले घोड़ों को कमची से पीटकर तैयार किया जा रहा था। मौके से 53,200 रुपये की जुआ राशि, दो घोड़े, दो वाहन, दो कमची और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त 2026 को एसआई अनिल तोमर पुलिस टीम के साथ भैसी कट पर चेकिंग और गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि फुलत रोड पर सड़क किनारे कुछ लोग घोड़ों की रेस पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि कुछ लोग रेस के लिए घोड़ों को छड़नुमा लकड़ी से पीटकर तैयार कर रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद थाना खतौली से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया। स्थान की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए पुलिस ने घेराबंदी की योजना बनाई और कुछ पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में मौके पर भेजा। सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मियों ने फोन के जरिए बताया कि फुलत रोड पर नहर से आगे पेड़ों के नीचे काफी लोग जमा हैं और घोड़ों की रेस पर जुआ खेलने की तैयारी कर रहे हैं।
इसके बाद रेस शुरू होने से पहले ही पुलिस टीम ने एक साथ दबिश दी और मौके से 12 लोगों को हिरासत में ले लिया।
आरोपियों के पास से जुआ खेलने के लिए लगाई गई 53,200 रुपये की रकम बरामद हुई। इसके अलावा दो घोड़े, दो वाहन, दो छड़नुमा लकड़ियां और छह मोबाइल फोन भी मिले।
गिरफ्तार आरोपियों में कलीम, मजहर, जीशान, जाहिद, दिलजान, हाशिम, आसिफ, शमशाद, बारू, आजाद, ताहिर और इरशाद शामिल हैं। इनमें कुछ आरोपी हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि कई मुजफ्फरनगर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से संबंधित हैं। एक आरोपी बुलंदशहर के गुलावठी क्षेत्र का निवासी भी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.