लखीमपुर में बच्ची से दरिंदगी के आरोपी का घर बुलडोजर से ध्वस्त, मुठभेड़ में घायल हुआ था खलील अहमद

HIGHLIGHTS
- पीड़िता का लखनऊ के अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।
- बच्ची के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार होने की जानकारी दी गई है।
- कार्रवाई के दौरान एसडीएम, तहसीलदार और राजस्व टीम मौके पर मौजूद रही।
लखीमपुर। जिले में साढ़े चार वर्ष की बच्ची के साथ दरिंदगी के मामले में प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी और कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान मुठभेड़ में घायल हुए आरोपी खलील अहमद (55) के अवैध रूप से बनाए गए मकान को प्रशासन ने मंगलवार को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ढहा दिया।
सिंगाही थाना क्षेत्र के एक गांव में साढ़े चार साल की बच्ची के साथ हुई दरिंदगी के मामले में प्रशासन की ओर से यह कार्रवाई की गई है। वहीं, गंभीर हालत में लखनऊ रेफर की गई पीड़ित बच्ची के स्वास्थ्य में अब तेजी से सुधार हो रहा है। उसकी स्थिति पूरी तरह ठीक बताई जा रही है। लखनऊ के प्रतिष्ठित अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष निगरानी में उसका इलाज जारी है, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली है।
अधिकारियों की मौजूदगी में ढहाया गया मकान
बच्ची से दुराचार की घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और हिंदूवादी संगठनों में काफी आक्रोश था। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों को सख्त संदेश देने के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया। आरोपी का मकान अब मलबे में तब्दील हो चुका है। कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी यदुवीर सिंह, तहसीलदार और राजस्व विभाग की पूरी टीम प्रशासनिक अधिकारियों तथा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रही।
राजस्व टीम ने सबसे पहले आरोपी के अवैध निर्माण की पैमाइश की। इसके बाद सिंगाही थानाध्यक्ष राज बहादुर सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस फोर्स और पीएसी की मौजूदगी में बुलडोजर से खलील के मकान को गिराने की कार्रवाई शुरू की गई। कुछ ही समय में आरोपी का पूरा अवैध मकान मलबे के ढेर में बदल गया।
मुठभेड़ के बाद हुई प्रशासनिक कार्रवाई
मामला दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने के कारण बीते दिनों बजरंग दल ने सिद्ध बाबा मंदिर के पास सिंगाही-बेलरायां मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर हंगामा किया था। इसके बाद बीती रात मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय आरोपी खलील अहमद ने मोटे बाबा मंदिर के पास पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भागने की कोशिश की।
सिंगाही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित तीन टीमों ने उसे सिद्ध बाबा मंदिर के पास घेर लिया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई
क्षेत्राधिकारी, निघासन शिवम कुमार ने बताया कि मासूम बच्ची के साथ दुराचार करने वाले आरोपी खलील अहमद के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसी कार्रवाई के तहत एसडीएम, तहसीलदार और राजस्व टीम की मौजूदगी में आरोपी के अवैध रूप से बनाए गए मकान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि पीड़िता के बेहतर इलाज के लिए प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। बच्ची अब लखनऊ में पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.