बिहार बनेगा मिल्क हब: सुधा के बाजार में आएगा बकरी का दूध और मखाना खीर, पशुपालकों को मिलेगी मदद

HIGHLIGHTS
- बिहार सरकार ने 2030 से पहले रोजाना एक करोड़ लीटर दूध उत्पादन का लक्ष्य रखा है।
- फिलहाल राज्य में प्रतिदिन करीब 48 लाख लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है।
- गरीब पशुपालकों को अच्छी नस्ल की गाय और भैंस खरीदने में आर्थिक मदद मिलेगी।
पटना। बिहार में डेयरी क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए सरकार ने वर्ष 2030 से पहले प्रतिदिन एक करोड़ लीटर दूध उत्पादन का लक्ष्य तय किया है। वर्तमान में राज्य में रोजाना लगभग 48 लाख लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है।
इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए गरीब पशुपालकों को अच्छी नस्ल की गाय और भैंस खरीदने में आर्थिक मदद दी जाएगी। मुख्यमंत्री गोधन विकास ऋण योजना के तहत ऋण पर लगने वाले ब्याज का भुगतान राज्य सरकार करेगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना के बापू सभागार में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि बिहार में पशुपालन ग्रामीण समृद्धि और किसानों की आय बढ़ाने का एक बड़ा जरिया बन सकता है। सरकार दूध उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ डेयरी उत्पादों के प्रसंस्करण और बाजार का भी विस्तार करेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले छह-सात महीनों में सुधा ने अपने दूध उत्पादन में एक लाख लीटर से अधिक की बढ़ोतरी की है। राज्य के बाहर भी सुधा का विस्तार किया जा रहा है। असम में प्रतिदिन एक लाख लीटर क्षमता वाली प्रसंस्करण इकाई स्थापित की गई है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बंगाल में भी एक लाख लीटर क्षमता का प्रसंस्करण संयंत्र लगाया जाएगा। सरकार का उद्देश्य सुधा को राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़े डेयरी ब्रांड के रूप में स्थापित करना है।
सुधा के बाजार में आएंगे मखाना खीर और प्रीमियम रबड़ी
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के मौके पर सुधा के दो नए उत्पाद बाजार में उतारने की घोषणा की गई। इनमें मखाना खीर और प्रीमियम रबड़ी शामिल हैं।
पंचायतों तक होगा सुधा केंद्रों का विस्तार, प्रखंडों में खुलेंगे पशु औषधि केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुधा बिक्री केंद्रों को पंचायत स्तर तक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक प्रखंड में पशु औषधि बिक्री केंद्र खोले जाएंगे, ताकि पशुपालकों को अपने स्थानीय क्षेत्र में ही दवाएं उपलब्ध हो सकें। पटना और तिरहुत दुग्ध संघ में पशुओं के लिए मिनरल मिक्सचर इकाइयां भी स्थापित की जाएंगी।
2030 से पहले एक करोड़ महिलाएं बनेंगी लखपति दीदी
मुख्यमंत्री ने बताया कि महिला रोजगार योजना के तहत करीब 1.87 करोड़ महिलाओं को जोड़ा गया है। इनमें से लगभग 50 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। सरकार ने वर्ष 2030 से पहले एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है।
महिलाओं को पशुपालन से जोड़ने के लिए पशु सखी भी तैयार की जाएंगी। ये पशुओं की देखभाल, दूध उत्पादन और पशु आधारित उत्पादों के उपयोग में मदद करेंगी।
गोबर से गैस उत्पादन के लिए मिले 50 प्रस्ताव
पशुपालन को स्वच्छ ऊर्जा और जैविक खेती से जोड़ने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने सीबीजी (कंप्रेस्ड बायोगैस) नीति बनाई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस नीति के तहत राज्य में गैस संयंत्र स्थापित करने के लिए करीब 50 प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। सरकार इन्हें मंजूरी देकर गोबर से गैस उत्पादन को बढ़ावा देगी।
उन्होंने कहा कि अब गोधन का इस्तेमाल केवल दूध उत्पादन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और ऊर्जा उत्पादन में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार के लिए चयनित पशुपालकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बुनियादी पशुपालन सांख्यिकी-2025 का विमोचन भी किया गया। साथ ही, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र के विकास के लिए विकसित भारत-2047 का रोडमैप भी शुरू किया गया।
मुख्यमंत्री ने समस्तीपुर को बिहार में दूध उत्पादन का प्रमुख केंद्र बताते हुए वहां के पशुपालकों की सराहना की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.