पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर लगेंगे वॉर्निंग लेबल, सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को दिए निर्देश

HIGHLIGHTS
- सुप्रीम कोर्ट ने पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर वॉर्निंग लेबल लगाने के निर्देश दिए।
- FSSAI को फ्रंट-ऑफ-पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग के नियम सख्त करने को कहा गया।
- पैकेट के अगले हिस्से पर 'टोटल शुगर' और 'सैचुरेटेड फैट' को दर्शाने का निर्देश।
नई दिल्ली। पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में मौजूद नुकसानदायक तत्वों को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। कोर्ट ने खाने-पीने की पैकेट वाली चीजों पर वॉर्निंग लेबल लगाने को कहा है, ताकि उपभोक्ताओं को यह जानकारी मिल सके कि वे जिस खाद्य पदार्थ का सेवन कर रहे हैं, उसका उनकी सेहत पर क्या प्रभाव पड़ सकता है।
जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को फ्रंट-ऑफ-पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग (FoPNL) के नियम सख्त करने के निर्देश दिए हैं।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि पैकेट के अगले हिस्से पर 'एडेड शुगर' और 'एडेड फैट' की जगह 'टोटल शुगर' और 'सैचुरेटेड फैट' को नमक के साथ चिंता वाले पोषक तत्वों के तौर पर दिखाया जाना चाहिए।
निर्देशों के मुताबिक, हर निशान छह कोनों वाला होगा। इसमें संबंधित खाद्य पदार्थ की तस्वीर के साथ उसके बगल में 'हाई फैट', 'हाई शुगर' या 'हाई सॉल्ट' जैसे शब्द लिखे जाएंगे। इससे उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थ खरीदते समय सही निर्णय लेने और सेहतमंद खान-पान के विकल्प चुनने में मदद मिल सकती है।
पीठ ने आगे कहा, 'FSSAI को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि FoPNL में 'एडेड शुगर' और 'एडेड फैट' के बजाय 'टोटल शुगर' और 'सैचुरेटेड फैट' को 'नमक' के साथ मुख्य चिंता वाले पोषक तत्वों के रूप में माना जाए।'
न्यायालय ने केंद्र सरकार को यह निर्देश भी दिया कि वह खाद्य सुरक्षा और मानक (लेबलिंग और प्रदर्शन) विनियम, 2020 सहित मौजूदा नियमों को उनके अक्षर और भावना के अनुरूप सख्ती से लागू करना सुनिश्चित करे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.